
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश – सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार समीर कुमार, की अध्यक्षता में आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मनोज कुमार ने बताया कि, “सर्वप्रथम डालसा अध्यक्ष सहित अतिथियों का परंपरानुसार स्वागत अभिनन्दन और संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन की औपचारिकता के साथ लोक अदालत आरम्भ हुआ।
बैंक ऋण, ई चालान आदि मामलों के 1259 मामले :
इस दौरान बैंक ऋण, बी०एस०एन०एल विपत्र एवं ई-चालान केस से संबंधित कुल 1259 मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन किया गया। जिसमें समझौता राशि के रूप में कुल ₹4,73,42,749/- (चार करोड़ तेहत्तर लाख बयालीस हजार सात सौ उनचास) रूपये की वसूली हुई।”
1450 अन्य सुलहनीय वादों का हुआ निपटारा :
“साथ ही न्यायालयों में लंबित क्लेम वाद, विद्युत वाद, 138 एन.आई एक्ट, जी०ओ० एवं अपराधिक वादों सहित सुलहनीय वादों के कुल 1450 मामले निष्पादित किये गये। जिसमें कुल-₹25,91,000/- (पच्चीस लाख इक्यानवे हजार) रूपये समझौता राशि प्रदान की गई। इस प्रकार आपसी सहमति से कुल 2709 मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन किया गया।
समय और पैसे दोनों की बचत :
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि, “लोक अदालत मामलों के निपटारे का बेहद सरल और किफायती विकल्प है। अदालतों से लंबित मामलों का बोझ कम करने के साथ साथ मामूली खर्च पर मामलों का निष्पादन करने में लोक अदालत की महती भूमिका है। यहां समय और पैसा दोनों की बचत होती है। मौके पर जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा, एसपी अरविन्द प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, न्यायिक पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता व डालसा कर्मी मौजूद थे।