
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क मुंगेर। सही मायनों में एनएसएस स्वयंसेवक सामाजिक आर्मी है। वे समाज सेवा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास करते हैं। मुंगेर विश्वविद्यालय की 11 सदस्यीय एनएसएस टीम अब शोध कार्य एवं सर्वेक्षण कार्य में बिहार का प्रतिनिधित्व करेगी यह विश्वविद्यालय के लिए एक गर्व की बात है।
एमयू के कुलपति प्रो (डॉ) संजय कुमार ने गुरुवार को राष्ट्रीय जल जीवन मिशन (NJJM) हेतु ग्राम सर्वेक्षण के लिए चयनित 11 सदस्यीय एनएसएस टीम से शिष्टाचार भेंट के दौरान उक्त बातें कही। गुरुवार को सर्वेक्षण के संदर्भ में फील्ड स्टडी और शोध सर्वेक्षण संबंधी कार्यशाला के बाद उक्त टीम कुलपति से मिलने पहुंची थी।
इस दौरान कुलपति ने सभी चयनित स्वयंसेवकों को कुलपति ने एनएसएस बैच प्रदान कर सम्मानित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हमारे छात्र शोध का व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त कर अपने उत्तरदायित्व को निभाएंगे।
विदित हो कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा प्राप्त पत्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय पटना के निर्देशानुसार राष्ट्रीय जल जीवन मिशन (NJJM) हेतु ग्राम सर्वेक्षण के लिए 10 एनएसएस स्वयंसेवकों तथा एक कार्यक्रम पदाधिकारी को अंतर राज्यीय स्तर पर सहभागिता करनी है। इसके लिए बिहार से नामित मुंगेर विश्वविद्यालय में 11 सदस्यीय टीम का चयन किया गया जो उक्त शोध एवं सर्वेक्षण कार्य में योगदान करेंगे।
उक्त जानकारी देते हुए कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ चंदन कुमार के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम में शामिल 5 महिला 5 पुरुष सहित 10 स्वयंसेवकों सूची जारी कर दी गई है। जिसमें, जमालपुर कॉलेज जमालपुर से सर्वाधिक 5, आरडी एंड डीजे कॉलेज मुंगेर एवं बीआरएम कॉलेज मुंगेर से 2, तथा जेआरएस कॉलेज जमालपुर से 1 कैडेट्स का चयन किया गया है।
जिनमें
1. मृत्युंजय- आरडी एंड डीजे कॉलेज, मुंगेर
2. रजनीश कुमार सिंह- आरडी एंड डीजे कॉलेज, मुंगेर
3. वर्षा झा- बीआरएम कॉलेज, मुंगेर
4. अक्सा तनवीर- बीआरएम कॉलेज, मुंगेर
5. राजदीप शर्मा- जेआरएस कॉलेज, जमालपुर, मुंगेर
6. अनुष्का राज – जमालपुर कॉलेज जमालपुर, मुंगेर
7. सोनू कुमार- जमालपुर कॉलेज जमालपुर, मुंगेर
8. रोहित राज -जमालपुर कॉलेज जमालपुर, मुंगेर
9. निभा कुमारी -जमालपुर कॉलेज जमालपुर, मुंगेर
10. लाडली कुमारी- जमालपुर कॉलेज जमालपुर, मुंगेर शामिल हैं।
डॉ सिंह ने बताया कि नेशनल जल जीवन मिशन (NJJM) एवं डिपार्टमेंट ऑफ़ ड्रिंकिंग वॉटर एंड सैनिटेशन (DDWS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अंतर-राज्यीय ग्राम स्तरीय सर्वेक्षण कार्यक्रम के लिए बिहार और झारखंड से एक एक विश्वविद्यालय को चयनित किया गया है। जिसमें शामिल बिहार से मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर बिहार एवं झारखंड से विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हज़ारीबाग को भारत सरकार द्वारा टीम गठित करने का निर्देश दिया गया है।
यह टीम सरकारी खर्च पर DDWS द्वारा चिन्हित अंतर-राज्यीय ग्रामीण क्षेत्रों में 05 दिन का आवासीय (Residential) सर्वेक्षण करेगी। यह सर्वेक्षण 15 जनवरी, 2026 के बाद प्रारंभ होगी। यात्रा, आवास तथा अन्य सभी व्यय संबंधित मंत्रालय द्वारा वहन किया जाएगा।
गुरुवार को विश्वविद्यालय के मीडिया कक्ष में चयनित स्वयंसेवकों के लिए फील्ड स्टडी और शोध सर्वेक्षण संबंधी कार्यशाला आयोजित की गई। उसके बाद 11 सदस्यीय एनएसएस टीम ने मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ संजय कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ घनश्याम राय ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बना रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से एनएसएस के स्वयंसेवक शोध प्रविधि के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे और भारत सरकार को रिपोर्ट सौंपेगे।
वहीं मुंगेर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो डॉ महेश्वर मिश्रा ने कहा कि बिहार से केवल मुंगेर विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों की टीम को यह अवसर प्रदान किया गया है जो अन्य छात्र-छात्राओं के लिए गर्वानुभूति कराने वाला प्रेरणास्रोत हैं।
विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारियों, संबंधित कॉलेज के प्राचार्य प्रो डॉ बिजेंद्र कुमार, प्रो डॉ देवराज सुमन, प्रो डॉ निर्मला कुमारी, प्रो डॉ अशोक कुमार पोद्दार और कार्यक्रम पदाधिकारियों ने एनएसएस की इस 11 सदस्यीय टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
एनएसएस कार्यालय कर्मी सौरभ शांडिल्य और सुमंत कुमार ने दस्तावेज सत्यापित कर चयनित स्वयंसेवकों की सूची क्षेत्रीय निदेशालय पटना को भेज दिया है।