
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में कुलपति के आवासीय सभाकक्ष में सिंडिकेट की महत्वपूर्ण बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई।
चलाए जाएंगे पांच तरह के कोर्स :
इस अवसर पर सर्वप्रथम कुलपति ने सदस्यों का स्वागत करते हुए स्नातकोत्तर कक्षा में एडमिशन से संबंधित पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान कुलपति ने बताया कि, “बिहार के परंपरागत विश्वविद्यालयों में “खेल निदेशालय” स्थापित करने वाला यह पहला विश्वविद्यालय है, जिसके अंतर्गत पांच तरह के कोर्स चलाए जाएंगे।”
15 वर्षों का अनुभव अनिवार्य :
उन्होंने कहा कि, “तत्काल स्थानीय स्तर पर निदेशक की नियुक्ति की गई है, परंतु 2 वर्ष बाद एनसीइटी के नियमानुसार प्रोफेशनल निदेशक की नियुक्ति की जाएगी। जिनका खेल के क्षेत्र में 15 वर्षों का अनुभव होगा वे इसके लिए पात्र होंगे।
प्रथम शैक्षणिक सीनेट की बैठक हेतु लिए जाएंगे सुझाव :
कुलपति ने बताया कि, “कुलाधिपति की स्वीकृति के उपरांत विश्वविद्यालय में पहली बार शैक्षणिक सीनेट की बैठक का आयोजन आगामी 24, 25 या 30 जून को किया जाएगा। जिसमें सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। इस केलिए शिक्षा से संबंधित व्यक्तियों से महत्वपूर्ण सुझाव लिए जाएंगे।”
पदोन्नति की अनुशंसा :
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि, “विश्वविद्यालय में अतिथि शिक्षकों के नवीकरण की प्रक्रिया इसी सप्ताह में प्रारंभ की जाए।” इस दौरान मनोविज्ञान, गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र, हिन्दी, अंग्रेजी, वाणिज्य, भूगोल एवं वनस्पति विज्ञान विषयों में प्रमोशन से संबंधित आयोजित सिलेक्शन कमिटी की अनुशंसाओं को स्वीकृति प्रदान किया गया।
क्यों बीपीसीएल को एनओसी नहीं, होमगार्ड से जमीन लेंगे वापस :
कादिराबाद स्थित विश्वविद्यालय की होमगार्ड परिसर वाली भूमि पर भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्माण कार्य हेतु मांगे गए एनओसी पर सहमति नहीं दी गई, क्योंकि उक्त जमीन डॉ अब्दुल कलाम डब्ल्यूआईटी की है, जिसपर छात्राओं के लिए छात्रावास एवं खेल मैदान बनना प्रस्तावित है। उक्त परिसर स्थित जो भूखंड होमगार्ड को भाड़े पर दिया गया था, उसे वापस लेने के प्रो. दिलीप कुमार चौधरी के प्रस्ताव पर बैठक में सकारात्मक विचार किया गया।
आउटसोर्स पर बहाल कर्मियों का वेतन भुगतान :
इस क्रम में डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’ ने आग्रह किया कि, “सभी कॉलेज में अलग से परीक्षा भवन के निर्माण का प्रस्ताव राज्य सरकार के पास भेजा जाए, ताकि कोई सैद्धांतिक या प्रायोगिक कक्षा का संचालन बाधित न हो।” साथ ही उन्होंने आउटसोर्स पर बहाल कर्मियों के वेतन भुगतान हेतु भी राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट करने का आग्रह किया।
संचालन व धन्यवाद ज्ञापन :
वहीं गत सिंडिकेट, वित्त समिति, खेल निदेशालय के प्रबंध समिति की बैठक में लिए गए सभी निर्णयों की भी संपुष्टि की गई। बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हांसदा ने किया।

उपस्थिति :
बैठक में डॉ. हरि नारायण सिंह, डॉ. बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, प्रो. दिलीप कुमार चौधरी, प्रो. अशोक कुमार मेहता, प्रो. विजय कुमार यादव, डॉ. सविता वर्मा, डॉ. शिवानन्द झा एवं डॉ. अमर कुमार ऑफलाइन, जबकि प्रो. मीणा झा, प्रो. नारायण झा एवं प्रो. विमल कुमार ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।