
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “ललित बाबू ने न केवल भारतीय राजनीति को दिशा दी, बल्कि अपने कार्यों से देश के विकास में अमिट योगदान दिया। उन्होंने मिथिला पेंटिंग जैसी लोक कला को देश-विदेश में पहचान दिलाने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया, जिससे मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच प्राप्त हुआ।”
स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र स्मारक समिति के संयोजक अंजनी कुमार मिश्र ने स्मृति शेष रेल मंत्री ललित बाबू की 51वीं पुण्य तिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता करते हुए उक्त बातें कही।
इस क्रम में श्री मिश्र ने स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र के जीवन और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें एक महान राष्ट्र निर्माता बताया।
श्रद्धांजलि सभा आयोजित :
बताते चलें कि जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में पूर्व रेल मंत्री स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र की 51वीं पुण्य तिथि समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफार्म स्थित उनके स्मारक स्थल पर मनाई गई। इस अवसर पर उनके स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
ललित बाबू के दूरदर्शी निर्णयों का आज भी मिल रहा लाभ :
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक अबू तनवीर ने कहा कि, “दूरदर्शी रेल मंत्री थे स्वर्गीय ललित बाबू। अपनी दूरदर्शिता से उन्होंने रेल मंत्री के रूप में भारतीय रेल के विकास और आधुनिकीकरण के मजबूत नींव डाली। जिसका लाभ आज भी मिल रहा है।
“उनके कार्यकाल में रेलवे के विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण आदि की दिशा में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। जो आज भी भारतीय रेल को नई ऊंचाइयां दे रहे हैं।”
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष सरोज कुमार सिंह, महासचिव ठाकुर मनोज भारद्वाज, परमानंद मिश्र, सूरज राम, विश्वनाथ सिंह हजारी, नगर अध्यक्ष डोमन राय, राजद जिला प्रवक्ता राकेश ठाकुर सहित कई गणमान्य लोगों ने भी स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किये तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।