
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, प्रशासन ने स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में नामांकन व वर्गारंभ को लेकर कैलेंडर जारी कर दिया है। जिसके अनुसार स्नातक में नामांकन की प्रक्रिया आगामी 20 मई, 2026 से प्रारंभ होगी, जबकि स्नातकोत्तर में यह प्रक्रिया 21 मई, 2026 से शुरू होगी। दोनों पाठ्यक्रमों में नामांकन हेतु आवेदन ऑनलाइन आमंत्रित किए जाएंगे। दोनों पाठ्यक्रम का वर्गारंभ 1 जुलाई, 2026 से प्रस्तावित है।
नामांकन की प्रक्रिया ‘समर्थ पोर्टल’ के माध्यम से :
इस बाबत जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजय कुमार चौधरी ने कहा कि, “नामांकन की सारी प्रक्रिया ‘समर्थ पोर्टल’ के माध्यम से ही होगी। छात्र सावधानीपूर्वक नामांकन हेतु आवेदन करेंगे, ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।”
ऑनलाइन माध्यम से ही रखेंगे समस्या :
वहीं, अध्यक्ष, छात्र कल्याण प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार मेहता ने बताया कि, “अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए अलग-अलग नामांकन सहायता केन्द्रों की व्यवस्था रहेगी। छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से ही अपनी समस्याएं रखेंगे, जिनका समाधान 24 से 48 घंटे के भीतर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।”