
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। आज के बच्चे कल के युवा किसी राष्ट्र की बुनियाद होते हैं, इसलिए उनमें में राष्ट्रीय –अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों, और कूटनीति की समझ होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से उक्त संदर्भ में छात्रों के सूझ, समझ, और नेतृत्व कौशल के परीक्षण व संवर्धन के लिए शहर के शंभुपट्टी स्थित पोदार इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 7 से 10 तक के छात्रों के लिए पोदार मॉडल यूनाइटेड नेशंस (PMUN) सम्मेलन का आयोजन किया गया।
उक्त जानकारी देते हुए पोदार इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य नील किशोर अख़वारी ने बताया कि सम्मेलन में UNEP, UNHRC और UNICEF तीन समितियों का गठन किया गया, जिनमें छात्र–छात्राओं ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधि के रूप में पर्यावरण संरक्षण, मानवाधिकार, बच्चों के अधिकार, बाल संरक्षण और बाल स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शोध परक चर्चा की।
वहीं विद्यालय के शिक्षक, समिति के चेयर और वाइस-चेयर पर्सन के रूप में उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को नियमों, प्रक्रियाओं एवं वाद-विवाद में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल, टीमवर्क, शोध क्षमता और सौहार्दपूर्ण संवाद का प्रदर्शन किया। प्राचार्य एवं उप-प्राचार्य ने सभी समितियों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के उत्साह और प्रयासों की सराहना की।
यह PMUN सम्मेलन विद्यार्थियों के लिए एक समृद्ध शिक्षण अनुभव साबित हुआ, जिसने उन्हें वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया l मौके पर निधि कुमारी सहित स्कूल के सभी शिक्षक मौजूद थे।