
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर/ताजपुर। मौजूदा हुकूमत में अल्पसंख्यकों के लिए बहुत सारे काम हुए हैं और आगे लगातार काम चल रहा है। समस्तीपुर जिले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विशेष इनायत रहती है। केंद्रीय मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षा के चेयरमैन सह राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी ने ताजपुर प्रखंड के उर्दू स्कूलों व मदरसों का निरीक्षण करने के दौरान शिक्षकों और बच्चों से रुबरु होते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि मदरसा या विद्यालय संचालन सहित किसी तरह की दिक्कत हो तो मुझे जरूर बताएं मैं हर संभव सहयोग करूंगा।
हाजी सिद्दिकी ने कहा कि सरकार अल्पसंख्यकों खास कर अकलियतों के सभी मुद्दे को लेकर तत्पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों, खासकर अल्पसंख्यक कल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के साथ-साथ इन दिनों फैल रहे अफवाहों के प्रति लोगों को जागरूक करना भी मेरे निरीक्षण का एक अहम उद्देश्य है। हाजी सिद्दीकी ने कहा कि क श्री नीतीश कुमार ने अल्पसंख्यकों के सर्वांगीण उत्थान के लिए बिहार में जो किया वह पूरे देश के लिए नजीर है।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का जो बजट 2004-05 में मात्र 3.45 करोड़ रु. था, वो 2022-23 में 200 गुणा से भी अधिक बढ़कर 700 करोड़ रु. से ज्यादा हो गया। हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी ने आगे कहा कि सीएम श्री कुमार के कार्यकाल में तालीमी मरकज द्वारा अल्पसंख्यक बच्चों के लिए प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्था, मदरसों का आधुनिकीकरण, अल्पसंख्यक समाज की बेटियों के व्यावसायिक कौशल के लिए ‘हुनर’ एवं ‘औजार’ कार्यक्रम, सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत यूपीएससी एवं बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा पास करने पर क्रमशः 1 लाख एवं 50 हजार की प्रोत्साहन राशि, उद्यमी योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की लम्बी फेहरिस्त है।
इतना ही नहीं, सबसे खास गौरतलब मसला है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार में साम्प्रदायिक दंगे की एक भी घटना नहीं हुई और प्रदेश की आठ हजार से ज्यादा कब्रिस्तान की घेराबंदी हो चुकी है। हाजी सिद्दीकी ने कहा कुल मिला कर देखें तो यही सत्य है कि अकलियतों का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बड़ा हिमायती कोई नहीं। हाजी सिद्दीकी ने चलते चलते बताया कि उर्दू स्कूलों के भवन निर्माण के लिए भी फंड दिया जा रहा है और जहां जहां वैकेंसी है उसको भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।