
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। प्रखंड के मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम अंतर्गत सुरक्षित शनिवार का आयोजन किया गया।
आग से होने वाले नुकसान एवं दुष्प्रभाव की दी जानकारी :
इस अवसर पर नोडल शिक्षिका बीवी शकीला रहमान ने वार्षिक सारणी के अनुसार आग लगने पर क्षति न्यूनीकरण विषय पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान शिक्षक संजीव कुमार झा ने आगलगी के कारण प्रतिवर्ष होने वाले जान माल की क्षति के बारे में बताया, जबकि प्रधानाध्यापक ने आग से होने वाले नुकसान एवं दुष्प्रभाव के बारे में बताया।
रुको, लेटो और लुढ़को :
इस दौरान उन्होंने कहा कि, आपदा की घड़ी में जानकारी और जागरूकता सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। इसलिए आग लगने पर क्या करें एवं क्या न करें सभी को इसकी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर शरीर में आग लग जाए तो अंतरराष्ट्रीय मूल मंत्र रुको, लेटो और लुढ़को को जरूर अपनाना चाहिए।
अलग अलग कारणों से लगी आग पर काबू पाने के तरीके भी अलग अलग :
उन्होंने कहा कि, अलग-अलग प्रकार की आग को बुझाने के लिए अलग-अलग उपाय करना चाहिए। वहीं, बिजली से आग लगने पर मेन स्विच काटकर, तेल में लगी आग को बालू डालकर, लकड़ी आदि में लगी आग को पानी डालकर एवं अग्निशमन यंत्र से बुझाना चाहिए।
विभिन्न क्लबों के सदस्य और शिक्षक थे मौजूद :
मौके पर बाल प्रेरक, बाल संसद, मीना मंच, यूथ क्लब एवं इको क्लब के सभी सदस्यों सहित विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिका ने सहयोग किया।
वाद्य यंत्रों का उद्घाटन :
कार्यक्रम दूसरे सत्र में प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के द्वारा बी.आर.सी. से खुशबू राय द्वारा लाए गए सिंथेसाइजर, तबला आदि वाद्य यंत्रों का उद्घाटन किया गया। इस क्रम में शिक्षिका बिमला कुमारी ने शिक्षकों के संगति में भोला बाबा के पांच गीत का गायन प्रस्तुत किया।