
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। इतिहास साक्षी है कि नशे का जो हुआ शिकार, उजड़ा उसका घर परिवार। नई पीढ़ी में बढ़ती नशे की लत बेहद चिंता जनक है। यह स्वस्थ, समृद्ध एवं मजबूत परिवार, समाज, और राष्ट्र निर्माण के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा है। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित एक जागरूकता कार्यशाला के दौरान रिसोर्स पर्सन अमित कुमार वर्मा ने शुक्रवार को उक्त बातें कही। इस क्रम में उन्होंने नशा के लक्षण, कारण और उसके दुष्प्रभाव के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी।
बताते चलें कि सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार एवं एस.एल.सी.ए. के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत कस्तूरबा हेमलता महिला समाज कल्याण संस्थान समस्तीपुर के प्रशिक्षण केंद्र पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सचिव गंगा प्रसाद यादव “विपिन” ने किया।
एस.एल.सी.ए. बिहार एवं झारखंड के राज्य समन्वयक मनोज कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत कई मायनों में खतरनाक हो सकती है। यह मन और शरीर को नुकसान पहुँचा सकती है और हेपेटाइटिस सी जैसी संक्रामक बीमारियाँ, दौरे पड़ना और यहाँ तक कि आत्महत्या के विचार जैसी स्वास्थ्य समस्याएँ पैदा हो सकती हैं।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी को बढ़ाना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को सुदृढ़ करना है। शपथ में सबों ने एक साथ कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की शक्ति होते हैं, जिनका समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसलिए हम सब मिलकर अपने जिले, राज्य व देश को नशा मुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प करते हैं और इसके लिए भरसक प्रयास करते रहेंगे।
इस कार्यक्रम में ,छात्र एवं छात्राओं ने शपथ लिया। मौके पर दिल्ली पब्लिक स्कूल, ताजपुर समस्तीपुर के निदेशक मसूद हसन ने अपने विचार व्यक्त किए। आगत अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन सचिव गंगा प्रसाद यादव “विपिन ने किया ।