
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क पूसा । डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के कृषि नवाचार और उद्यमिता केंद्र को बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से राज्य के विभिन्न स्टार्ट अप केंद्रों में प्रथम स्थान दिया गया है। स्टार्टअप बिहार कार्यक्रम के तहत इस परियोजना में बिहार के 46 स्टार्टअप सेल ने भाग लिया था, जिसमें से विश्वविद्यालय के केंद्र को नंबर 1 का स्थान दिया गया ।
इस को लेकर वि वि के कुलपति डॉ पी एस पांडेय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस केंद्र को 2023 में कृषि में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया था। लगभग दो वर्षों से भी कम समय में इस केंद्र की सहायता से 69 से अधिक नये स्टार्ट अप और उद्यम स्थापित किया गया हैं जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
उन्होंने कहा कि इस सफलता मे इस केंद्र के कार्यक्रम प्रमुख डॉ रामदत्त और उनकी टीम बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक समर्पित भाव से किसानों के हित में लगातार सक्रिय हैं, जिसके परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय विभिन्न मंचों पर प्रथम स्थान प्राप्त कर रहा है।
इनक्यूबेशन केन्द्र फैकल्टी इंचार्ज,डॉ रामदत्त, ने कहा कि विश्वविद्यालय के एग्री इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन केंद्र की सहायता से 69 स्टार्टअप्स सफलतापूर्वक कार्य कर रहा हैं। वहीं इस केंद्र के माध्यम से मुख्य रूप से बिहार की पारंपरिक वस्तुओं जैसे मखान, चावल, बागवानी के उत्पाद, शहद, गुड़, बांस और औषधीय पौधों से संबंधित उद्यम और उत्पाद को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त इनक्यूबेशन केंद्र की ओर से लगभग 163 मार्गदर्शन और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया हैं, जिसमें छात्रों, ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को नवीन उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया है।
वही विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक शहद प्रसंस्करण, मशरूम उत्पादन, संरक्षित खेती, बीज प्रौद्योगिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में विभिन्न स्टार्ट अप से जुड़े युवाओं और उद्यमियों के सलाह प्रदान कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय भविष्य में इस केंद्र में अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण सुविधा स्थापित करने की योजना पर भी कार्य कर रहा है, जिससे स्टार्टअप्स के माध्यम से युवाओं को विभिन्न प्रसंस्कृत नवीन उत्पादों को विकसित करने और उन्हें देश विदेश में व्यापार करने में आसानी हो सके।