
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मोरवा (एनएसबी)। अमर शहीद सीताराम यादव ने केवल मोरवा प्रखंड ही नहीं बल्कि सारे समस्तीपुर जिला को अपनी शहादत से गौरवान्वित किया है। जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने जम्मू कश्मीर में सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए सीताराम यादव के श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही।
पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने की अगवानी :
विदित हो कि हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजितपुर कर्नैल पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी सूरज राय एवं महारानी देवी के पुत्र सेना के जवान सीताराम यादव ने जम्मू कश्मीर में ड्यूटी के दौरान आतंकवादियों से मुठभेड़ में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। विशेष विमान से शहीद सीताराम यादव के पार्थिव शरीर को पटना लाया गया था। उसके बाद सेना के जवानों के द्वारा पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके शव को उनके पैतृक गांव बाजितपुर कर्नैल लाया गया। जहां हरिप्रसाद पेट्रोल पंप के निकट जिले के तमाम प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के हजारों लोगों ने भारत माता की जय, शहीद सीताराम यादव अमर रहे, आदि नारों के बीच सेना के जवानों के साथ शहीद सीताराम यादव के सैनिक गाड़ी पर तिरंगे में लिपटे शव की अगवानी की।
सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों से मुठभेड़ में हुए शहीद :
बताते हैं कि, वे कुछ दिन पूर्व ही घर आए थे। पत्नी बच्चे, माता पिता,भाई एवं दोस्तों से मिल कर घर से वापस लौटने के बाद ड्यूटी पर तैनात हुए थे। मंगलवार सुबह को भी पत्नी से मोबाइल पर बात हुई थी। उसके बाद पैर में गोली लगने की सूचना मिली। फिर कुछ ही देर बाद घर के लोगों को सीताराम यादव के आतंकवादियों के साथ हुए मुठभेड़ में शहीद हो जाने की जानकारी दी गई।
डीएम ने दिया आश्वासन :
राष्ट्रीय तिरंगे में लिपटे पुत्र के शव को देखते ही पिता सूरज राय, माता महारानी देवी, पत्नी सुमन देवी, छोटे भाई शिवानंद राय, पुत्री श्रुति राय, बड़ा पुत्र अनुज राय एवं छोटा पुत्र सुशांत राय पिता के शव पर बदहवाश होकर बिलखने लगे। शहीद सीताराम को अंतिम विदाई देने पहुंचे जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा को देखते हैं पत्नी सुमन राय ने डीएम का पैर पकड़कर रोते हुए कहने लगी कि अब उनके बिना मेरा क्या होगा? जिलाधिकारी श्री कुशवाहा ने शोकाकुल पत्नी सहित शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए इस शोक की घड़ी में जिला प्रशासन के साथ रहने का वादा किया।
विधायक, डीएम, एसपी सहित कई आलाधिकारी व जनप्रतिनिधि थे मौजूद :
इस अवसर पर डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, डीएसपी संजय पांडे, सदर एसडीओ दिलीप कुमार, पटोरी डीएसपी बीके मेधावी, हलई थाना अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, बी डी ओ अरुण कुमार निराला, विधायक रणविजय साहू, पूर्व मंत्री बैजनाथ सहनी, पूर्व विधायक अजय कुमार बुल्गानिन, जदयू प्रखंड अध्यक्ष शर्वेन्दु कुमार शरण सहित हजारों लोगों ने अमर शहीद के बलिदान को क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई :
इस क्रम में विधायक रणविजय साहू ने, जब तक सूरज चांद रहेगा, सीताराम यादव का नाम रहेगा, कह कर नमन किया। जबकि पूर्व मंत्री वैद्यनाथ सहनी ने अमर शहीद सीताराम यादव के शहादत पर शहादत को क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। हाई स्कूल मैदान में अमर शहीद सीताराम यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा को पटोरी गंगा तट के लिए विदा किया गया।