
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। याद रखिए जल है तो कल है। इसलिए नदियों व जलाशयों में कूड़ा कचरा व पॉलीथिन नहीं फेंकने, जल संरक्षण के लिए निरंतर सामाजिक स्तर पर सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है।
जीरो वाटर डे की स्थिति रोकने का संदेश :
गंडक नदी के प्रसाद घाट पर गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने मंगलवार को उक्त बातें कही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी ने युवाओं को जल शून्य दिवस (जीरो वाटर डे) की स्थिति आने से रोकने का संदेश दिया।
करना होगा एक दूसरे को जागरूक :
डीडीसी श्री सिंह ने कहा कि, ऐसी परिस्थिति उत्पन्न न हो जाए कि पानी बिल्कुल शून्य होने के कगार पर हो हमें इसका ध्यान रखना होगा। जल और जलाशय के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है, इसलिए हम सब को एकजुटता के साथ इस गंभीर समस्या से लड़ना होगा और एक दूसरे को जागरूक करना होगा।
जल अर्पण कर किया कार्यक्रम का उद्घाटन :
बताते चलें कि, जिला गंगा समिति द्वारा आयोजित गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम का उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, के साथ वरीय उप समाहर्ता अंजली कुमारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी जिला गंगा समिति नीरजेश कुमार, नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार एवं स्नेहलता ने संयुक्त रूप से जल अर्पण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
नदी, जल व पर्यावरण संरक्षण का संदेश :
इसके पूर्व सभी अतिथियों को शॉल, फूलमाला, चादर, एवं पौधा देकर सम्मानित किया। पखवाड़ा कार्यक्रम में बूढ़ी गंडक नदी घाट की सफाई भी की गई। इसी क्रम में घाट स्थित मंदिर परिसर में डीडीसी श्री सिंह ने हस्ताक्षर अभियान के तहत हस्ताक्षर कर जल संरक्षण व नदी संरक्षण का सन्देश दिया एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया।
शपथ ग्रहण के साथ हुआ समापन :
आगामी 31 मार्च तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा व जल संरक्षण पखवाड़ा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान डीपीओ निरजेश कुमार ने बताया कि, जिला गंगा समिति निरंतर गंगा एवं उनके सहायक नदियों को बचाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। सभी को सामूहिक रूप से स्वच्छता शपथ दिलाकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
कई कर्मी व स्वयं सेवक थे मौजूद :
मौके पर नगर निगम के कर्मी, लोहिया स्वच्छता अभियान के कर्मी सहित रजनीश कुमार, पप्पू कुमार, मो.अली, सुमित कुमार, दीपक कुमार सहित एन.एस.एस एवं एन.सी.सी के सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद थे।