
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “डिजिटलाइजेशन के इस दौर में हर हाथ में मोबाइल है, ऐसे में सोशल मीडिया के रूप में ऑन लाइन प्लेटफॉर्म पर मिथिला कला सहित हैंड मेड सामग्री का विशाल एवं वैश्विक बाजार उपलब्ध है।”
ऑन लाइन मार्केटिंग की दी जानकारी :
उप विकास आयुक्त समस्तीपुर सुर्य प्रताप सिंह ने मंगलवार को मिथिला ग्राम नाबार्ड रुलर मार्ट का निरीक्षण करने के दौरान उक्त बातें कही। इस क्रम में उन्होंने मार्ट को डिजिटल प्लेटफार्म पर लाने के लिए एमबीए एक्सपर्ट से प्रशिक्षण लेने की सलाह देते हुए हैंड मेड उत्पादों के ऑनलाइन मार्केटिंग की जानकारी दी।
युवा कलाकारों ने किया स्वागत :
बताते चलें कि, डीडीएम नाबार्ड अभिनव कृष्ण के साथ डीडीसी एस.पी. सिंह शहर के चीनी मिल चौक स्थित मिथिला ग्राम नाबार्ड रूरल मार्ट का दौरा किया। जहां सबसे पहले मिथिला पेंटिंग के युवा कलाकारों ने डीडीसी का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, शाॅल से स्वागत किया।
युवा कलाकारों की प्रतिभा को सराहा :
इस दौरान डीडीसी श्री सिंह युवा मिथिला पेंटिंग कलाकारों एवं समूह के सदस्यों से परिचय के उपरांत कई बहुमूल्य सुझाव दिए और मार्ट एवं युवा कलाकारों के कृतियों और उनके प्रतिभा की जम कर सराहना की।
डीडीएम ने दी जानकारी :
इस अवसर पर मौजूद डीडीएम नाबार्ड अभिनव कृष्ण ने बताया कि, “वर्ष 2022 में, लोक कला के संरक्षण व संवर्धन के लिए नाबार्ड के ग्राम्य विकास निधि योजनान्तर्गत अनमोल उपहार सेवा फाउंडेशन द्वारा तीस प्रतिभागियों को साठ दिवसीय मिथिला लोक कला का प्रशिक्षण दिया गया था। तत्पश्चात कलाकारों की उत्पाद की विपणन हेतु रुरल मार्ट की स्थापना हेतु नाबार्ड द्वारा सहायता प्रदान की गई।”
कलाकारों ने बताया बढ़ी आमदनी :
समूह के सदस्य एवं कलाकार मधु ठाकुर, प्रेरणा कुमारी, मुस्कान, गायत्री कुमारी, रजनी कुमारी, सौम्या सुमन, माधवी कुमारी, गुड़िया कुमारी ने बताया कि हम सूट, दुपट्टा, साड़ी, बेडशीट, शाॅल, पाग, पर्स, फाईल इत्यादि सभी प्रकार के समानों पर मिथिला पेंटिंग करते हैं। हमलोगों के द्वारा बनाए गए मिथिला पेंटिंग उत्पाद तथा एफपीओ द्वारा निर्मित श्री अन्न उत्पाद मार्ट एवं अन्य राज्यों में राष्ट्रीय स्तर के नाबार्ड मेला के माध्यम से बिक्री हो रही है। जिससे हमलोगों की आमदनी में बढ़ोतरी हुई है।
कई लोग थे मौजूद :
मौके पर संस्था के सचिव ललित कुमार, देव कुमार, प्रिया कुमारी, निशु कुमारी, सोहानी कुमारी, निशु कुमारी आदि सहित कई लोग मौजूद थे।