
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। साफ आसमान और शुष्क मौसम के कारण पछुआ हवा के बावजूद दिन के समय में गुनगुनी धूप गुलाबी उष्णता का अहसास कराएगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आगामी 5 दिनों में दिन और रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
आसमान की स्थिति :
जिले के डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से विश्वविद्यालय स्थित जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी आगामी 18 जनवरी, 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वानुमान की अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में आसमान साफ रहने की सम्भावना है।
मौसम :
इस दौरान मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। रात्री एवं सुबह में हल्की से मध्यम कुहासा छाया रह सकता है। दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे धूप खिली रहेगी।
तापमान :
जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र के नोडल ऑफिसर डॉ. अब्दुल सत्तार के मुताबिक, “पूर्वानुमान की अवधि में दिन तथा रात के तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।”
हवा का रुख और रफ्तार :
पूर्वानुमानित अवधि में पछिया हवा चलने का अनुमान है। औसतन 6-8 कि०मी० प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
आर्द्रता :
सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 35 से 45 प्रतिशत रहने की संभावना है।