
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 मुंगेर। शिक्षा जगत में सकारात्मक पहल, और उत्साह पूर्ण शैक्षणिक माहौल निर्माण केलिए प्रसिद्ध मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डाॅ घनश्याम राय की पहल पर मुंगेर विश्वविद्यालय में इस बार शिक्षक दिवस ऐतिहासिक होने जा रहा है।

इस बाबत जानकारी देते हुए डाॅ राय ने बताया कि मुुंगेर विश्वविद्यालय शिक्षक दिवस 2025 सम्मान समारोह के रूप में मनाने जा रहा है। जिसमें विश्वविद्यालय के स्थापना काल से अब तक सेवानिवृत्त शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मियों को सम्मानित किया जायेगा।
डाॅ राय ने बताया कि इस बाबत विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य व प्रभारी प्राचार्य को स्थापना काल 18 मार्च 2018 से लेकर अब तक सेवानिवृत्त हुए सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की सूची 1 सितंबर 2025 को अपराह्न 4:30 बजे तक अनिवार्य रूप से विश्वविद्यालय को भेजने का निर्देश जारी किया था। यह सूची सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रभारी प्राचार्यों द्वारा व्हाट्सएप, ई-मेल या हार्ड कॉपी के माध्यम से प्रेषित की जानी थी। उन्होंने बताया निर्देशानुसार सूची प्राप्त हो गई है।
5 सितंबर को आयोजित होने वाले समारोह में कुलपति प्रो. संजय कुमार स्वयं मौजूद रहेंगे और सभी जीवित सेवानिवृत्त शिक्षकों व कर्मचारियों को अंगवस्त्र, माला और पुष्पगुच्छ अर्पित कर सम्मानित करेंगे।
इस अवसर को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उन लोगों के प्रति कृतज्ञता है, जिन्होंने अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष शिक्षा और संस्थान की सेवा में समर्पित किए।
पहली बार मुंगेर विश्वविद्यालय इस प्रकार से सेवानिवृत्त शिक्षा कर्मियों को एक मंच पर समारोहपूर्वक सम्मानित करने जा रहा है। शिक्षक दिवस पर आयोजित इस विशेष आयोजन की खबर से जिले के शिक्षा जगत में, शिक्षाविदों और विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
इसको लेकर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षाविदों ने कहा कि इस सम्मान समारोह से सेवानिवृत्त कर्मियों के साथ-साथ कार्यरत कर्मियों में सहज व स्वभाविक उत्साह एवं उर्जा का संचार होगा। जिससे विश्वविद्यालय के माहौल में व्यापक सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।