
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क समस्तीपुर, । रेल प्रशासन समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रेल परिवार को स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी थीम के तहत बुधवार को ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत मंडलीय रेल अस्पताल, समस्तीपुर में एक विशेष महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न जांचें नि:शुल्क की गईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों एवं रेल परिवार की महिलाओं ने अपना स्वास्थ्य जांच कराया। जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन, थायरॉइड, कैल्शियम आदि जांचें की गईं तथा आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ सुनील कुमार ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं का स्वास्थ्य पूरे परिवार और समाज की मजबूती का आधार है। ऐसे शिविरों से महिला कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
उन्हेांने कहा कि यह आयोजन स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत किया गया, ताकि महिलाओं और बालिकाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा सके। कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान से जुड़ी अन्य जागरूकता गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।