
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क विद्यापतिनगर । अब उच्च शिक्षा की चाह में आर्थिक तंगी बाधक नहीं बनेगी। अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2025-26 के माध्यम से बिहार की बेटियों को सहायता प्रदान किया जाएगा। जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र अख्तियारपुर समस्तीपुर के बैनर तले शनिवार को अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप जागरूकता अभियान विद्यापतिनगर में चलाया गया।
अभियान के तहत प्रखंड क्षेत्र के 20 छात्राओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। इसके तहत सरकारी स्कूलों की छात्राओं को स्नातक डिग्री / डिप्लोमा के लिए 30 हजार रुपए प्रत्येक वर्ष मिलेंगे। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने देश के कई राज्यों की वंचित और प्रतिभाशाली बालिकाओं के लिए यह विशेष छात्रवृत्ति शुरू की है।
जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के सचिव सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य उन छात्राओं को आर्थिक सहायता देना है जो उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती हैं लेकिन संसाधनों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। इस छात्रवृत्ति के अंतर्गत हर वर्ष छात्रा को 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि निःशुल्क दी जाती है। यह सहायता उसके पहले स्नातक कोर्स (डिग्री या डिप्लोमा) की पूरी अवधि तक जारी रहती है।
यह राशि पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों-जैसे किताबें, फीस और रहने का खर्च-को पूरा करने में मदद करती है। इस योजना के तहत अजीम जी प्रेम फाउंडेशन ने समस्तीपुर जिला की छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील है। फाउंडेशन से जुड़े दिलीप कुमार गिरि ने बताया कि जिला के महाविद्यालयों में शीघ्र ही अभियान चला कर छात्राओं को आवेदन जमा करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2025 निर्धारित की गई है। इसके लिए छात्रा का कक्षा 10 और 12वीं सरकारी स्कूल से उत्तीर्ण होना जरुरी है। साथ ही छात्रा को किसी मान्यता प्राप्त सरकारी अथवा निजी कॉलेजध्विश्वविद्यालय में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा कोर्स (अवधि 2 से 5 वर्ष) में प्रवेश लेना आवश्यक है।
आवेदन प्रक्रिया पूर्ण रुप से नि:शुल्क है। चयन प्रक्रिया योग्यता और जरूरत के आधार पर की जाती है। पूरी प्रक्रिया अजीम प्रेमजी के आधारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस दौरान रवि कुमार, स्मृति कुमारी, शोभा रानी आदि शामिल रहे।