
देश रत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर समारोहपूर्वक मेडल और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित होंगे टॉपर
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) की ओर से 3 दिसंबर को देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर आयोजित होने वाली मेधा दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में है।
इसी बीच बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया है कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले कुल 151 मेधावी छात्र- छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। जिसमें 10वीं के 123 और 12वीं के 28 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
श्री किशोर ने बताया कि बिहार के मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रख सकें और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकें, इसके लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने के साथ साथ लैपटॉप देने का निर्णय लिया गया है। मैट्रिक के टॉप-10 और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों – कला, विज्ञान और वाणिज्य – के टॉप-5 छात्रों को यह सम्मान प्राप्त होगा।
जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2 लाख, द्वितीय को 1.5 लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1 लाख नकद राशि दी जाएगी। पिछले वर्ष प्रथम स्थान वाले को 1 लाख, द्वितीय को 75 हजार और तृतीय स्थान पाने वाले को 50 हजार की पुरस्कार राशि दी गई थी।
श्री किशोर ने बताया कि अब बोर्ड की ओर से टॉपरों को लैपटॉप, मेडल और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। लैपटॉप देने का मुख्य उद्देश्य यह है कि बच्चे तकनीकी रूप से भी खुद को सुदृढ़ करें और ऑनलाइन संसाधनों से भी अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
उन्होंने बताया कि मैट्रिक में चौथे से दसवें स्थान पर रहने वालों को 10 हजार रुपये की जगह 20 हजार दिए जाएंगे। वहीं इंटर में चौथा और पांचवां स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को 15 हजार जगह 30 हजार दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम में शिक्षाविद् अजय घटक डॉ.राजेन्द्र प्रसाद पर महत्वपूर्ण व्याख्यान देंगे।