
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। आसन्न बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र मतदाताओं में जागरूकता फैलाने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशानुसार बुधवार को समाहरणालय परिसर से मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से एक भव्य कैंडल मार्च निकाला गया। स्वीप (SVEEP) अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का नोडल पदाधिकारी सह एनडीसी रजनीश कुमार राय एवं डीपीओ आईसीडीएस ने संयुक्त रूप से नेतृत्व किया।
कैंडल मार्च समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर पटेल गोलंबर होते हुए पटेल मैदान पहुंच कर संपन्न हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं ने भाग लिया।
इस दौरान “लोकतंत्र के पर्व में सबकी भागीदारी”, “मतदान है हमारा अधिकार” जैसे मतदाता जागरूकता के संदेशों से शहर गूंज उठा।
मौके पर स्वीप कोषांग से संबंधित सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतिभागियों के हाथों में जलती हुई मोमबत्तियाँ और हाथों में तख्तियाँ लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं।