
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में समीर कुमार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के निर्देशन एवं मनोज कुमार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के मार्गदर्शन में मुस्कान जिला नशामुक्ति केंद्र समस्तीपुर में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर “मानसिक रूप से दुर्बल एवं बौद्धिक अक्षम व्यक्ति स्कीम – 2025 ” विषय पर विधिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के परामर्शदाता अमित कुमार वर्मा ने कहा कि, कानून सबके लिए समान है, इसलिए न्याय और संविधान प्रदत्त अधिकारों पर सभी का बराबर है। इस योजना का उद्देश्य मानसिक बीमारी और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों को व्यापक कानूनी सहायता और समर्थन प्रदान करना और, यह सुनिश्चित करना है कि उनके अधिकार सुरक्षित रहें और वे न्याय प्रणाली तक प्रभावी और सम्मानजनक तरीके से पहुंच सकें।
डालसा के पैनल अधिवक्ता मनोज कुमार ने कहा कि मानसिक बीमारी और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाओं हेतु नालसा योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कानूनी सेवाएं सुलभ हों और इस कमजोर समूह की विशिष्ट आवश्यकताओं के प्रति उत्तरदायी हों।
मौके पर अधिकार मित्र मो. अंजार, राहुल कुमार, संजय पासवान, सितेश कुमार मौजूद थे। आगत अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन संस्थान के कार्यक्रम समन्वयक राजकुमार राय ने किया ।