
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। देश की बुनियाद बच्चे और प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव होती है। किलकारी किड्स स्कूल जैसी संस्थाएँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
शहर के ताजपुर रोड स्थित धर्मपुर में किलकारी किड्स स्कूल के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक अश्वमेध देवी ने उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने स्कूल प्रबंधन को उच्च गुणवत्तापूर्ण, एवं संस्कारयुक्त आधुनिक शिक्षा देने के लिए शुभकामनायें दी।
अतिथि का स्वागत और उद्घाटन :
बताते चलें कि, शहर में बचपन बचाओ अभियान और बाल शिक्षा क्षेत्र में एक नया कदम बढ़ाते हुए शुक्रवार को ताजपुर रोड स्थित धर्मपुर में किलकारी किड्स स्कूल का भव्य समारोह पूर्वक उद्घाटन हुआ। तमाम आगत अतिथियों के स्वागत अभिनंदन के बाद बड़ी संख्या में बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक अश्वमेघ देवी, विद्यालय के निदेशक स्मिता चंचल एवं विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
क्षेत्र के शैक्षणिक समृद्धि व बौद्धिक परिपक्वता का परिचायक :
इस अवसर पर आशा सेवा संस्थान के सचिव अमित कुमार वर्मा ने कहा कि, किसी शिक्षण संस्थान का आरंभ होना उस इलाके के शैक्षणिक विकास की दिशा एक नया कदम माना जाता है। शैक्षणिक संस्थान किसी क्षेत्र के शैक्षणिक समृद्धि और बौद्धिक परिपक्वता का परिचायक है।
शिक्षा पेशा नहीं, ‘राष्ट्र निर्माण’ केंद्रित सेवा :
चेतना सामाजिक संस्था के अध्यक्ष डॉ. मिथिलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि, शिक्षण कार्य या शिक्षा देना पेशा नहीं है। यह तो दान है। एक ऐसा दान जिसमें दान लेने और देने वाला दोनों समृद्ध होते हैं। यह देश का भविष्य निर्धारित करने वाली पीढ़ी तैयार कर राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भरी सेवा है।
स्कूल देगा बच्चों को पोषण युक्त भोजन :
इसके पूर्व विद्यालय के निदेशक स्मिता चंचल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि किलकारी किड्स स्कूल में, बच्चों के लिए बाल अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण, स्मार्ट क्लास, खेल-कूद, एवं विद्यालय की ओर से पोषण युक्त भोजन, नैतिक शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि हुए शामिल :
विशिष्ट अतिथि के रूप में आशा सेवा संस्थान के सचिव अमित कुमार वर्मा, चेतना सामाजिक संस्था के अध्यक्ष डॉ मिथिलेश कुमार, समाज सेवी आलोक कुमार वर्मा, अनस रिजवान आदि ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व द्रोणाचार्य वेलफेयर सोसाइटी के सचिव रंजीत कुमार एवं संरक्षक मनोज कुमार ने किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बटोरी तालियां :
इस अवसर पर रंगारंग संस्कृति कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया जिसमें झिझिया जट जटिन एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरी। अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन क्रिस्टीना ने किया ।