
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अधीनस्थ कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली परिसर उच्च मूल्य वाली उद्यानिकी फसलों की खेती के विषयक चार दिवसीय प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरण के साथ शुक्रवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं ने उच्च मूल्य वाली उद्यानिकी फसलों की खेती की तकनीकों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त किया।
इस अवसर पर केविके बिरौली के अध्यक्ष सह केन्द्र प्रधान डॉ. आरके तिवारी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि उच्च मुल्य वाली उद्यानिकी फसलों की खेती से किसानों के आय में वृद्धि की व्यापक संभावना है। इसकेलिए किसानों को खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाने व उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।
प्रशिक्षण के समापन सत्र को संबोधित करते हुए केविके बिरौली के विशेषज्ञ डॉ. धीरु कुमार तिवारी ने किसानों को सब्जियों की ग्रैफ्टिंग तकनीक पर विस्तृत रूप से जानकारी दिया। साथ ही कहा कि किसान को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को जमीनी स्तर पर उतारे तभी प्रशिक्षण की सार्थकता है। किसान नवीनतम तकनीक को अपना कर उद्यानिकी फसलों में लगने वाले रोगों से तो बचा ही सकते हैं, साथ ही उत्पादकता में भी सुधार किया जा सकता है।
वहीं फल विशेषज्ञ डॉ. आशीष पांडा ने किसानों को भविष्य की सबसे लाभकारी फसलों में से एक एवोकैडो की खेती के अपार संभावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बाजार में एवोकैडो की बढ़ती मांग और उच्च मूल्य को देखते हुए आय बढाने में किसानों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। मौके पर सभी प्रशिक्षु मौजूद थे।