मतदाता जागरूकता प्रचार रथ रवाना, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। चुनाव लोकतंत्र का सबसे बडा महोत्सव है। इसलिए“निर्वाचन प्रक्रिया को लोकतंत्र के पर्व की तरह मानते हुए हर मतदाता को इसमें सहभागी बनना चाहिए। समाहरणालय परिसर से मतदाता जागरूकता प्रचार रथ को समारोह पूर्वक रवाना करते हुए जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही।
उन्होने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि इस बार जिले का मतदान प्रतिशत ऐतिहासिक रूप से ऊँचा हो। प्रत्येक मतदाता अपने मतदान केंद्र तक पहुंचे और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे। यही सच्चे लोकतंत्र की पहचान है।
बताते चलें कि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर मतदाताओं में जागरूकता फैलाने हेतु स्वीप कार्यक्रम के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इसके अंतर्गत समाहरणालय परिसर से मतदाता जागरूकता प्रचार रथ को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रचार रथ समस्तीपुर जिले की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत स्थित निम्न मतदान केलिए चिन्हित मतदान केंद्रों से संबंधित विद्यालयों एवं भवनों तक पहुंचेगा, जहां यह एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जागरूकता संदेश, वीडियो, एवं संकल्प गीत प्रसारित करेगा। इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करना और मतदान प्रतिशत में वृद्धि लाना है।
मौके पर डीडीसी शैलजा पाण्डेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, एनडीसी-सह-डीपीआरओ रजनीश कुमार राय, वरीय उप समाहर्ता पुष्पित झा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विवेक कुमार शर्मा, डीपीआरओ, आईसीडीएस सहित कई वरीय पदाधिकारी, कोषांग प्रभारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि प्रचार रथ जिन-जिन क्षेत्रों से गुजरे, वहां का स्थानीय प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि अधिक से अधिक ग्रामीण, महिला एवं युवा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हों और ध्यान रखा जाये कि कोई मतदाता छूटे नहीं।