
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बुधवार को जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने मंडल कारा का दौरा किया। इस अवसर पर सर्वप्रथम सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। तत्पश्चात जिला पदाधिकारी ने पहले मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अन्तर्गत कारा कर्मियों हेतु कारा परिसर में नव अधिष्ठापित ओपेन जिम का उद्घाटन किया। तत्पश्चात बंदी दरबार में बंदियों की समस्याओं से रु ब रु हुए।

काराधीक्षक ने डीएम का किया स्वागत :
बंदी दरबार में पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर की ओर से पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) नरेन्द्र शर्मा पुलिस केन्द्र, काराधीक्षक प्रशान्त कुमार ओझा, प्रभारी उपाधीक्षक मनोज कुमार सिंह, सहायक अधीक्षक प्रेरणा पटेल, कंचन कुमारी सहित कारा के सुरक्षा कर्मी एवं कारा में संसीमित बंदी उपस्थित रहे। इस दौरान सर्वप्रथम काराधीक्षक श्री ओझा ने जिला पदाधिकारी को पौधा प्रदान कर स्वागत किया।
जिलाधिकारी ने बंदियों को दिया आश्वासन :
बंदी दरबार के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी बंदियों से उनकी शिकायत निवारण हेतु व्यक्तिगत एवं सामुहिक समस्या / सुझाव पूछे। बंदियों द्वारा कारा में विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर पानी की उपलब्धता हेतु 06 चापाकल लगवाने एवं भीषण गर्मी से बचाव हेतु वाटर कुलर उपलब्ध कराने हेतु लिखित आवेदन देकर अनुरोध किया। जिला पदाधिकारी ने बंदियों को आश्वासन दिया कि, बंदी हित में कारा में चापाकल एवं वाटर कुलर यथाशीघ्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।
काराधीक्षक को दिया निर्देश :
अपने संबोधन में श्री कुशवाहा ने बताया कि, विद्युत की आपूर्ति के लिए सोलर उपकरण हेतु संबंधित विभाग यथा ब्रेडा आदि को उपकरण लगाने हेतु निर्देशित किया जाएगा तथा नया जनरेटर खरीदने हेतु विभाग को अनुशंसा भेजी जाएगी। उन्होंने काराधीक्षक को संबंधित विभाग से यथाशीघ्र पत्राचार करने का निर्देश दिया।
समस्याओं को कम करने का प्रयास जारी :
कुछ बंदियों ने बंदी दरबार में अपने व्यक्तिगत पारिवारिक जमीनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन समर्पित किया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी को समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि कारा की व्यवस्था सुधार की ओर प्रगतिशील है। कारा में बंदियों की समस्याओं को कम करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
रोजगारपरक प्रशिक्षणों में हों शामिल :
उन्होंने बंदियो से नकारात्मक सोच के उपर उठकर रचनात्मक कार्यों यथा कारा में चलायी जा रही मिथिला पेंटिंग सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षणों में बढ़-चढ़कर सम्मलित होने को कहा। ताकि कारामुक्त होने के उपरान्त स्वावलंबी होकर सम्मानपूर्वक अपना जीवनयापन कर सकें।
काराधीक्षक ने की समापन की घोषणा :
अंत में काराधीक्षक ने जिला पदाधिकारी को मिथिला पेंटिंग में प्रतीक चिन्ह समर्पित कर उनकी अनुमति से बंदी दरबार के समाप्ति की घोषणा की।