
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी रामनवमी और ईद पर्व को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले में शांति, आपसी सौहार्द और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए।
सूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय एवं त्वरित कार्रवाई पर बल :
इस दौरान उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में सघन गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष पैनी नजर रखने का निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु सूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय करने एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बुनियादी व्यवस्थाओं को समय रहते करें पूरा :
इसके अतिरिक्त सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। इस क्रम में पदाधिकारी द्वय ने भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल की प्रतिनियुक्ति और आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने की बात कही।
डीडीसी सहित कई पदाधिकारी थे मौजूद :
मौके पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता राजस्व ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर सदर दिलीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडे, एवं मुख्यालय के अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे। जबकि सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी यथा एसडीओ, बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने-अपने कार्यालयों से बैठक में सम्मिलित हुए।