दीक्षारंभ के दौरान अभिनेत्री सोनल झा, अभिनेता जावेद अख्तर, नृत्यांगना मोना झा, मिथिला पेंटिंग कलाकार कुंदन कुमार रॉय आदि ने छात्रों से किया संवाद

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क पूसा। छात्र अनुकूलन शिविर “दीक्षारम्भ” वास्तव में एक ऐसा प्रशिक्षण है जो छात्रों के सर्वांगीण विकास में मदद करता है। इस प्रशिक्षण का असर आप जीवन भर महसूस कर सकेंगे।
डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा में आयोजित 21 दिवसीय दीक्षारंभ के 8वें दिन उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ पीएस पाण्डेय ने उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने नव नामांकित छात्रों को दीक्षारंभ के महत्व एवं औचित्य पर विस्तार से जानकारी दी।
बताते चलें कि दीक्षारंभ का आठवां दिन कला कौशल और स्किल डेवलेपमेंट को समर्पित था। इस दौरान छात्रों में अभिनय, नृत्य एवं चित्रकला कौशल, सहित अन्य साफ्ट स्किल के विकास से जुड़ी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बिहार की अभिनेत्री सोनल झा ने ड्रामा तथा सिनेमा से संबंधित अभिनय के बारे में छात्रों से संवाद किया। जिसमें उन्होंने कहा कि अभिनय के लिए शिक्षा बहुत ही जरूरी है। मनुष्य की भावनाये ही अभिनय का मूल आधार है।
वहीं थियेटर से जुड़े अभिनेता जावेद अख्तर ने भी थियेटर की बारीकियों को लेकर विद्यार्थियों के साथ चर्चा की तो थिएटर आर्टिस्ट एवं नृत्यांगना मोना झा ने छात्र एवं छात्राओं को नृत्य की बारिकियों के बारे में जानकारी दी।

इसी क्रम में यूथ मोटीवेटर मिथिला पेंटिंग के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार कुंदन कुमार रॉय ने मिथिला पेंटिंग के इतिहास और बारीकियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि समस्या से घबराएं नहीं, समस्या में समाधान ढूंढने वाला ही सफलता का शिखर प्राप्त करता है।
इसके पूर्व सबसे पहले आगत अतिथियों का परंपरा के अनुसार पाग, शॉल, स्मृति चिन्ह,पुष्प गुच्छ आदि से अभिनंदन किया गया। तदुपरांत अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन, कुलगीत प्रसारण और स्वागत संबोधन के साथ कार्यक्रम परवान चढ़ा।
दीक्षारंभ के दौरान सभी नवांगतुक छात्र छात्राओं को उनकी पसंद के मुताबिक विभिन्न क्लबों यथा स्पोर्ट्स क्लब, लिटरेरी क्लब, कल्चरल क्लब, आर्ट्स एंड क्राफ्ट क्लब आदि अन्य क्लब से से भी जोड़ा गया।
साथ ही क्लबों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें छात्र छात्राओं ने भाग लिया और खुल कर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। स्पोर्ट्स क्लब में शामिल विद्यार्थियों के लिए तिरहुत कृषि महाविद्यालय ढोली में फुटबॉल, वालीबाल, एथलेटिक्स एवं अन्य प्रतियोगितायें आयोजित की गई।
बताते चले कि दीक्षारंभ कार्यक्रम 13 दिसंबर तक आयोजित है, जिसका समापन एक वृहत समारोह प्रदक्षिणा के साथ होगा। जिसमें सभी विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति से संबंधित शपथ भी दिलाई जाएगी। दीक्षारंभ कार्यक्रम के बाद छात्रों की नियमित कक्षा आरम्भ होगी। जिसका एकेडमिक कैलेंडर छात्रों को उपलब्ध करवा दिया गया है।
