
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पूसा। दो मार्च को होने वाली बदलो बिहार महाजुटान रैली की तैयारियों को लेकर भाकपा-माले कार्यकर्ताओं की एक बैठक गुरूवार को प्रखंड के बथुआ पंचायत में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत सचिव जितेंद्र राय ने की। इसमें बतौर पर्यवेक्षक भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि यह रैली जन आंदोलनों का महाजुटान है। जिसमें स्कीम वर्कर, रसोइया, आशा, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका समेत अन्य तबकों की आवाज बुलंद की जाएगी। सरकार द्वारा किये जा रहे उनके शोषण के खिलाफ भाकपा माले लगातार संघर्षरत है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण गरीबों को उनके अधिकार नहीं मिल रहे हैं। हम चाहते हैं कि इस महाजुटान रैली में में बिहार के बदलाव के आकांक्षी और अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे तमाम तबके शामिल हों और बिहार के बदलाव की लड़ाई मिल कर लड़ने का संकल्प लें।

उन्होंने कहा कि इस रैली की सफलता बिहार ही नहीं, पूरे देश में बदलाव का मजबूत संदेश देगी। बैठक में रैली को सफल बनाने के लिए सघन जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर दर्जनों महिला व पुरुष कार्यकर्ता मौजूद थे।