
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने गुरुवार को कर्पूरी ग्राम का भ्रमण कर वहां निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन एवं हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का विस्तृत निरीक्षण किया।
पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर दिए सख्त निर्देश :
निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के अवलोकन के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) के अभियंताओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि, “भवन के सभी शेष कार्यों को एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।”
भवन हस्तांतरण से पूर्व निम्न व्यवस्थाएं करें सुनिश्चित :
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि, “भवन हस्तांतरण के पूर्व आवश्यकतानुसार गुणवत्तापूर्ण फर्नीचर, आमजन की सुविधा हेतु RTPS काउंटर का पूर्ण सेटअप, एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सूचनाओं को प्रदर्शित करने वाले सूचना पट (Display Boards) का अधिष्ठापन सुनिश्चित किए जाएं।”
हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का निरीक्षण :
तत्पश्चात, जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान, मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि, “उक्त स्थल पर एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।”
निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का दिया निर्देश :
श्री कुशवाहा ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि, “मुख्यालय स्तर पर समन्वय स्थापित कर इस परियोजना से संबंधित सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधाओं को दूर करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें।”
एसडीओ सहित कई पदाधिकारी थे मौजूद :
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, दिलीप कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल सहित संबंधित विभागों के सहायक एवं कार्यपालक अभियंता तथा अन्य कर्मी उपस्थित थे।