
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना एवं जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वाधान शनिवार को समस्तीपुर रेल मंडल मुख्यालय परिसर स्थित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में समारोहपूर्वक मकरसंक्रांति महोत्सव का आयोजन किया गया।
अतिथि का स्वागत अभिनन्दन :
इस अवसर पर सबसे पहले, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला कला संस्कृति एवं युवा कार्यक्रम पदाधिकारी जूही कुमारी ने, मिथिला की परंपरा अनुसार मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह का पुष्प गुच्छ, पाग, अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह आदि से स्वागत अभिनन्दन किया।
उद्घाटन व अतिथि का संबोधन :
तत्पश्चात अतिथियों व पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। महोत्सव का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि डीडीसी श्री सिंह ने कहा कि, “इस तरह के आयोजन कलाकारों को एक फ्यूचर प्लानिंग और कैरियर गढ़ने में सहायक होते हैं।”
रंगोली, पेंटिंग से सजा महोत्सव :
महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के कला कृतियों को स्टॉल्स में प्रदर्शित किया गया था। वहीं जमीन पर रंगोली प्रतियोगिता के कलाकारों द्वारा बनाये गए मकर संक्रांति विषय पर खूबसूरत रंगोली सजे थे।
लोक धुनों पर झूमते तालियां बजाते रहे लोग :
उधर, उद्घाटन के पश्चात गणेश वंदना के साथ मकर संक्रांति महोत्सव ने दिशा पकड़ी। फिर तो बिहार, बंगाल, महाराष्ट्र आदि राज्यों के लोक नृत्य व गायन ने ऐसा समा बांध दिया कि लोग घंटों सम्मोहन की अवस्था में झूमते तालियां बजाते रहे।
प्रतिभागी हुए सम्मानित :
सभी प्रतिभागियों को कला संस्कृति एवं युवा कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती जूही ने पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह और सर्टिफिकेट से सम्मानित किया। मंच संचालन डिस्ट्रिक्ट स्वीप आइकन कुंदन कुमार रॉय ने किया।