
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर में चुस्त निगहबानी और नियमित गश्ती के दावे की पोल खुल गई जब दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने एक ज़र्दा व्यवसायी और वहां मौजूद ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना कर लाखों रुपये लूट लिए। जी हां! घटना नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर की है। जहां तीन नकाबपोश अपराधियों ने राहुल इंटरप्राइजेज में उक्त घटना को अंजाम दिया और आराम से फरार हो गये।
4.50 लाख ले गए बदमाश :
घटना के बारे में कारोबारी राहुल कुमार ने बताया कि, रोज की तरह दुकान पर ग्राहक और कर्मी थे। इसी बीच एक व्यक्ति अंदर आया उसने मुंह ढक रखा था। जब तक हम कुछ समझ पाते और कुछ करते तब तक उसने मुझे अलग एक कमरे में बंद कर दिया और मेरे भाई को हथियार दिखा कर उस वक्त उपलब्ध करीब 4.50 लाख रुपए बैग में भर कर चले गए।
जांच व कार्रवाई में जुटी पुलिस :
प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक एक ही बाइक पर तीनों बदमाश आए थे। घटना की जानकारी मिलने पर नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर जांच में जुट गयी है। पुलिस दुकान में लगे सीसी कैमरे की जांच और आसपास के व्यवसायियों से पूछताछ कर अपराधियों की शिनाख्त कर रही है। साथ ही अपराधियों के भागने की दिशा में छापामारी कर रही है।
सीमा सील, जल्द पकड़े जाएंगे बदमाश :
घटना को लेकर आरक्षी अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि, तीन बदमाशों द्वारा 4.50 लाख लूटे जाने की खबर मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है। डीआईयू एवं फॉरेंसिक टीम घटना स्थल पर पहुंच कर कार्रवाई में जुट गई है। जल्द ही बदमाश पुलिस के गिरफ्त में होंगे।