
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। जिला कला संस्कृति एवं युवा कार्यक्रम विभाग के मेगा इवेंट और जिले की युवा प्रतिभाओं का सबसे बड़ा मंच जिला युवा उत्सव 2025 में भारतीय कला संस्कृति के विविध रंगों का साक्षी बना।
इस मेगा इवेंट के मंच पर शहर के शंभू पट्टी स्थित पोदार इंटरनेशनल स्कूल के छात्राओं ने लोक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों व निर्णायक मंडल की चमत्कृत कर दिया। इस दौरान रुसडा, स्नेहल, सृष्टि, कोमल, अनुष्का, श्वेता, सुहानी, नैतिका, आराध्या ने अपनी प्रतिभा, कला, ऊर्जा और सांस्कृतिक समझ व सूझ से भारतीय परंपरा को अत्यंत सरल सहज और प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा।
इसी क्रम में पोदार इंटरनेशनल स्कूल की शिक्षिका सह सुप्रसिद्ध रंगोली कला विशेषज्ञ निधि कुमारी द्वारा निर्मित रंगोली ने बरबस ही लोगों को आकर्षित किया। पारंपरिक विषयों पर आधारित रंगोली की उपस्थित पदाधिकारियों और दर्शकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

रंगोली कला की प्रशंसा करने वाले गणमान्य अधिकारियों में जिला पदाधिकारी रौशन कुशवाहा, जिला कला संस्कृति एवं युवा कार्यक्रम पदाधिकारी जूही कुमारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश राय, उप विकास आयुक्त शैलजा पांडे, सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
इस दौरान अधिकारियों ने रंगोली की सूक्ष्म कला, विषय की मौलिकता और रंग संयोजन के उत्कृष्टता की प्रशंसा करते हुए इसे “सांस्कृतिक विरासत का सुंदर प्रदर्शन” बताया।
इस कार्यक्रम में विद्यालय की भागीदारी ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को चिन्हित किया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि पोदार इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण हेतु भी प्रतिबद्ध है।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं बच्चों द्वारा किए गए इस उत्कृष्ट प्रदर्शन की हर स्तर पर सराहना की जा रही है। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य नील किशोर अखवारी, कला एवं संस्कृति विभाग तथा शिक्षकों का अहम योगदान रहा।