
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क विद्यापतिनगर । संतान प्राप्ति का सुख हर स्त्री का सुनहरा सपना होता है। गर्भधारण से संतान प्राप्ति तक की अवधि में उनके रहन सहन एवं खानपान का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। इतना ही नहीं संतान प्राप्ति के बाद भी उनका ख्याल रखना जरूरी होता है। मंगलवार को विद्यापतिनगर सीएचसी में गर्भवती महिलाओं केलिए आयोजित निःशुल्क स्वस्थ्य जांच शिविर के दौरान डॉ. दीपशिखा कुमारी ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि इस अवधि में जरा सी असावधानी भारी पड सकती है। इसलिए नियमित रूप से चिकित्सक के संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है।
बताते चलें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विद्यापतिनगर पर मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस आयोजित किया गया। इस बाबत जानकारी देते हुए डॉ. दीपशिखा कुमारी ने बताया कि एएनएम, आशा कार्यकर्ता व आशा फेसिलेटर प्रत्येक माह की 9 तारीख को अपने अपने क्षेत्रों से गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर आती हैं। ताकि इन गर्भवती महिलाओं का रक्त, यूरीन, वजन, पेट व बीपी की जांच की जाती है ताकि गर्भवती महिलाओं का संस्थागत सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को सीएचसी के माध्यम से फ्री में एंबुलेंस की सेवा दी जाती है।
सर्जन डॉ. नीतीश प्रभाकर ने बताया कि शिविर में कुल 151 गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच की गई। सुबह 9 बजे से दोपहर बाद तक चले इस जांच में सभी महिलाओं की जांच के साथ ही उन्हें खान-पान संबंधी उचित सलाह दी गई।
महिलाओं को भोजन में हरी सब्जी, सलाद के साथ दाल खाने की सलाह देते हुए चिकित्सकों ने बताया कि नियमित पोषण आहार लेने से महिला के साथ ही गर्भ में पल रहे नवजात का भी पर्याप्त विकास होता है।
साथ ही अपने आसपास की महिलाओं को भी जांच व उचित खानपान की सलाह देने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया। इस अवसर पर एएनएम रिंकू कुमारी, पूनम कुमारी, मृदुला कुमारी सहित आशा कार्यकर्ता उपस्थित रही।