
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क पटना। राजधानी पटना स्थित एक होटल के सभागार में शुक्रवार को कैंसर के विभिन्न प्रकारों और आधुनिकतम चिकित्सा तकनीक पर विशद चर्चा हुई। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर मशहूर कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ अरविन्द कुमार के नेतृत्व में कैंसर रोग विशेषज्ञों (ऑन्कोलॉजिस्ट) का एक सेमिनार गायनी ओंको कॉनक्लेव का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सबसे पहले सेमिनार के मुख्य आयोजक वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अरविंद कुमार ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। तत्पश्चात अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर सेमिनार का विधिवत उद्घाटन किया। इस सेमिनार में बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों से अनुभवी ऑन्कोलॉजिस्ट चिकित्सकों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान विशेषज्ञों ने कैंसर के प्रकार, उनकी प्रकृति, आधुनिक उपचार, समय पर जांच, महिलाओं में कैंसर के प्रकार, प्रोस्टेट कैंसर, यूरो-ऑन्कोलॉजी, जेनेटिक टेस्टिंग एवं नई मेडिकल तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की।
अपने संबोधन में विशेषज्ञों ने बताया कि कैंसर की शुरुआती पहचान से मरीजों की जान बचाई जा सकती है और आधुनिक तकनीक से इलाज पहले से अधिक प्रभावी हो गया है। आवश्यकता है इस बीमारी और इसके लक्षणों के प्रति जागरूकता, सतर्कता की। कैंसर के मामूली लक्षणों की अनदेखी कई बार खतरनाक रूप ले लेती है।
अतिथियों के स्वागत और सेमिनार के उद्घाटन के उपरांत विषय प्रवेश कराते हुए डॉ. अरविंद ने कहा कि ऐसे सेमिनार डॉक्टरों के बीच ज्ञान साझा करने और नई रिसर्च से अपडेट रहने के लिए बेहद आवश्यक हैं। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए और कैंसर मरीजों के बेहतर इलाज पर जोर दिया।
सेमिनार के अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें डॉक्टरों ने व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की। कार्यक्रम को सभी प्रतिभागियों ने उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।