
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क विद्यापति नगर।। जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बावजूद सीएचसी अस्पताल में भर्ती मरीजों को बुनियादी सुविधा नहीं मिल पा रही है. हालात यह हैं कि इमरजेंसी, पुरुष व महिला वार्ड में भर्ती मरीजों को न तो समय पर बेडशीट दी जा रही है और न ही कंबल।
जबकि जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि सर्दी के मौसम में अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को बेडशीट और कंबल उपलब्ध कराया जाये, लेकिन किसी- किसी मरीज को कंबल मिल रहा है। मरीजों का कहना है कि बार-बार मांगने के बाद ही किसी- किसी को बेडशीट मिल पा रहा है। आग्रह करने के बाद भी स्टाफ कंबल नहीं देता हैं।
तापमान में लगातार गिरावट के बीच बिना कंबल रात गुजारना मरीजों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी दूरदराज के इलाकों से इलाज कराने आये मरीजों और उनके परिजनों को हो रही है, जो न तो घर से कंबल मंगा पा रहे हैं और न ही अस्पताल से सुविधा मिल रही है।
शुक्रवार को भर्ती मरीज महेश राम, काजल कुमारी, और दिनेश ने बताया कि वे डिलेवरी कराने अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन अब तक उन्हें ओढ़ने के लिए कंबल नहीं दिया गया। वहीं रात में ठंडी हवा सीधे वार्ड में प्रवेश करती है। इससे मरीजों की हालत और खराब हो रही है। निजी तौर पर ठंड से बचने का उपाय कर किसी तरह रात गुजारते हैं।
अस्पताल के पदाधिकारी का बताना है कि अस्पताल में कंबल उपलब्ध नहीं हैं विभाग को पत्र लिखा गया हैं। बहुत जल्द कंबल उपलब्ध कराई जाएगी। कुछ वार्ड में बेडसीट की कमी थी, जिसे आज ही स्टोर कीपर से कहकर बेडसीट दिया गया है।