
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार पटना तथा जिला प्रशासन समस्तीपुर के तत्वावधान में बुधवार को बसंत पंचमी महोत्सव का शानदार आयोजन किया गया।
स्वागत अभिनंदन की औपचारिकता के बाद मंडल रेल मुख्यालय परिसर स्थित आम्रपाली सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का करतल ध्वनि के बीच जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलन कर उद्घाटन कर किया। इसके बाद जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी के संयोजन में आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय युवा प्रतिभाओं ने अपने बहुआयामी प्रदर्शन से ऐसा समां बांधा कि वक्त कब कैसे गुजर गया महसूस भी नहीं हुआ।
उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध स्वर ताल की सरिता में घंटों सम्मोहन की अवस्था डूबते उबरते दिखे। पूरा सभागार तालियों की गडगडाहट से गूंजता रहा। इस अवसर पर विभिन्न स्पर्धा में विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर जिलाधिकारी समस्तीपुर ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने जिला कला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी को बेहतरीन कार्यक्रम के संयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनायें दी।