
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध बाबा केवल स्थान पर आयोजित होने वाले राजकीय रामनवमी मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने मेला स्थल का निरीक्षण किया।
मल्लाह समुदाय की सांस्कृतिक पहचान :
निरीक्षण के क्रम में मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि, मल्लाह समुदाय की सांस्कृतिक पहचान केवल धाम में आयोजित यह मेला बिहार ही नहीं, बल्कि देश के दूसरे राज्यों एवं पड़ोसी देश नेपाल में रहने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
सुनिश्चित की जाएगी विशेष चौकसी :
प्रशासन का लक्ष्य मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। वहीं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि मेले में असामाजिक तत्वों की प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी सुनिश्चित की जाएगी।
अफवाहों से दूर रहें, प्रशासन का सहयोग करें :
साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि, वे अफवाहों से दूर रहें, प्रशासन का सहयोग करें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत मेला में तैनात दंडाधिकारी या पुलिस पदाधिकारियों को दें। ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफल बनाया जा सके।