
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण पूरा बिहार इन दिनों शीत लहर और हाड़ कंपाती ठंड की गिरफ्त में है। जिससे आम जन जीवन पूरी तरह अस्त–व्यस्त हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, “फिलहाल इस ‘प्रचण्ड ठंड’ से राहत की कोई उम्मीद भी नहीं है।”
मौसम पूर्वानुमान :
इस बाबत, डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से विश्वविद्यालय स्थित जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी आगामी 14 जनवरी, 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार,
“पूर्वानुमान अवधि के दौरान उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के बादलों के बीच मौसम के शुष्क बने रहने और आगामी एक से दो दिनों तक कोल्ड डे जैसी स्थिति बने रहने की सम्भावना है। जिसके कारण कनकनी वाली ठंड का प्रभाव जारी रहने की आशंका है। दो दिनों के पश्चात कोल्ड डे की स्थिति में आंशिक सुधार होने की हो सकता है। दिन की शुरुआत मध्यम कुहासे के साथ ही सकती है।”
तापमान :
इस अवधि में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हवा की दिशा, रफ्तार और सापेक्ष आर्द्रता :
पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 8-10 कि०मी० प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चल सकती है। इस अवधि में सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 50 प्रतिशत रहने की संभावना है।
पिछले तीन दिनों में कैसा रहा मौसम :
पिछले तीन दिनों का औसत अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 17.6 एवं 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं इस दौरान चलने वाली पछुआ हवा की औसत गति 11.0 कि०मी० प्रति घंटा दर्ज की गई। औसत सापेक्ष आर्द्रता 99.0 प्रतिशत सुबह में एवं दोपहर में 71.0 प्रतिशत रही और, इस अवधि में मौसम शुष्क रहा।