
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क उजियारपुर। थाना क्षेत्र के महेशपट्टी गांव में कार्मरवाई के दौरान महिला के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में सवाल उठाने पर एक छात्र नेता की गिरफ्तारी के खिलाफ भाकपा (माले) नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उजियारपुर थाना परिसर में धरना शुरू कर दिया है।
इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व जमीनी विवाद की जांच के लिए उजियारपुर थाना की पुलिस लखनीपुर महेशपट्टी गांव पहुंची थी। इस दौरान पुलिस पर महिलाओं के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। मौके पर मौजूद छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के एक छात्र नेता ने इस व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए सवाल किया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही भाकपा माले के जिला स्थायी कमेटी सदस्य फूलबाबू सिंह, महावीर पोद्दार, प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान सहित कई नेता व कार्यकर्ता उजियारपुर थाना पहुंचे और गिरफ्तारी का विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए।
इस दौरान माले नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के सवाल पर आवाज उठाने वाले छात्र नेता को गिरफ्तार करना पुलिसिया मनमानी और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
इस मामले में पूछे जाने पर उजियारपुर थाना प्रभारी ने बताया कि दो दिन पूर्व एक मामले में पीओ नोट करने पुलिस टीम गांव में गई थी। उसी दौरान नामजद आरोपी मौके पर पहुंच गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी का कहना है कि माले से जुड़े कुछ लोगों ने उक्त मामले के आरोपी को जबरन पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा कर भगा दिया। इसके बाद पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
समाचार लिखे जाने तक थाना परिसर में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई थी। भाकपा माले नेताओं ने गिरफ्तार छात्र नेता की तत्काल रिहाई तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच विधिसम्मत ढंग से की जा रही है।