
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर (एनएसबी)। मतदान केवल संविधान प्रदत्त सर्वोच्च अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित संत पॉल टीचर्स’ ट्रेनिंग कॉलेज, वीरसिंहपुर में आयोजित छः दिवसीय “चुनावी साक्षरता और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम” के दौरान स्वागत संबोधन एवं विषय प्रवेश के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एस.एम. तहसीन आलम क़ादरी ने उक्त बातें कही।
उद्देश्य :
उन्होंने कहा कि, एक जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति होता है। इसलिए दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले देश में लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए युवाओं में सर्वोच्च संवैधानिक जिम्मेदारी ‘मतदान’ के प्रति जागरूकता विकसित करना महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ इस छः दिवसीय “चुनावी साक्षरता और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया है। जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के अधिकार एवं नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाना है।
मतदान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा :
इस अवसर पर सहायक प्राध्यापिका डॉ. अर्पणा कुमारी ने लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदाता जागरूकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अनिवार्य रूप से मतदान करने का आह्वान किया। इसी क्रम में प्रशिक्षु अदिति शर्मा ने भारतीय संविधान एवं मतदान के संवैधानिक अधिकार, रोशन कुमार ने निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं उत्तरदायित्व, अभिषेक कुमार ने मतदाता सूची की तैयारी एवं मतदाता बनने की योग्यता तथा शालिनी प्रिया ने ईवीएम, वीवीपैट एवं सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्ट्रोरल पार्टिसिपेशन (सी.वी.इ.इ.पी.) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
लोकतंत्र कब होगा मजबूत ?
महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रतिभा राय ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि, युवा मतदाता ही भारत के लोकतांत्रिक भविष्य के वास्तविक निर्माता हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करेगा।
जिम्मेदारी :
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता से संबंधित पोस्टर, स्लोगन एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के तकनीकी समन्वय का दायित्व नंदकिशोर कुमार ने निभायी जबकि फोटोग्राफी की जिम्मेदारी सूरज कुमार एवं कुमार सौरव ने संभाली।
संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न :
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि, इस छह दिवसीय अभियान के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता, मतदाता पंजीकरण, ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रदर्शन, लोकतांत्रिक मूल्यों पर परिचर्चा तथा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिससे प्रशिक्षु अपने-अपने क्षेत्रों में भी मतदाता जागरूकता के प्रभावी दूत बन सकें। “एवरी वोट काउंट्स, एवरी वॉयस मैटर्स” के संदेश एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय नागरिक सहभागिता के संकल्प के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।