
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बच्चे पढ़ने से अधिक कुछ देख कर और महसूस कर सीखते हैं। मानव मस्तिष्क की संरचना भी कुछ ऐसी ही है जिसमें देखी और महसूस की गई घटनाओं, चीजों या विषय वस्तु का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक स्थाई होता है।
इको प्रिज्म फाउंडेशन के प्रोग्राम लीडर अमिताभ नाथ ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इसी सोच के तहत जिले के छः उत्कृष्ट विद्यालयों के इको क्लब के 24 बच्चों एवं प्रधानाध्यापकों केलिए तीन दिवसीय शैक्षणिक परिभ्रमण का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि इस परिभ्रमण में बच्चों को पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन, सांस्कृतिक विरासत, जैव विविधता, वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता और सामूहिकता के महत्व की जानकारी भी दी गई।
इसी सोच के तहत जिले के छः उत्कृष्ट विद्यालयों के इको क्लब के 25 बच्चों को प्रधानाध्यापकों के नेतृत्व में इको प्रिज्म कलेक्टिव फाउंडेशन के सहयोग से तीन दिवसीय शैक्षणिक एवं पर्यावरणीय परिभ्रमण के तहत बोधगया, राजगीर, बाराचट्टी और नालंदा महाविहार का भ्रमण कराया गया।
इस दौरान सहोदया फाउंडेशन बाराचट्टी के अनिल कुमार और रेखा कुमारी द्वारा देशी बीजों के निर्माण, जैविक खाद एवं लुप्त प्रजातियों के पौधों को दिखाया और उनको उपजाने के तरकीब की जानकारी दी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला में बच्चों ने शिक्षकों के साथ गहन विचार विमर्श किया और अपने गांव में भी कम पानी का उपयोग कर पौष्टिक आहारों के उत्पादन हेतु वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।
इस दौरान बच्चों ने विश्व शांति स्तूप, ब्रह्म कुंड, चिड़ियाघर, जंगल सफारी, जरासंध का अखाड़ा, गिद्धकुट व रत्नागिरी पर्वत, नालंदा का महाविहार सहित विभिन्न बौद्ध विहारों, मठों, मंदिरों को देखकर काफी खुश हुए।
इस परिभ्रमण में उत्क्रमित मध्य विद्यालय लगुनिया सूर्यकंठ, मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय ताजपुर रतनपुर, मध्य विद्यालय कलोंजर, बुनियादी विद्यालय जर्नादनपुर एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय मदनपुर नवीन के बच्चे एवं प्रधानाध्यापक क्रमशः सौरव कुमार, मुकेश कुमार, मयंक कुमारी, प्रतिभा रानी, जूही कुमारी, अजय कुमार शामिल थे।
इस भ्रमण कार्यक्रम को सफल बनाने में इको प्रिज्म के सुनील कुमार, अरुण राणा, मो अशरफ, निधि कुमारी, चंदा कुमारी ने भरपूर सहयोग किया।