
Oini News Network
ओईनी 24 पूसा। पूसा के ठहरा पंचायत में व्याप्त लूट-खसोट व भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकपा-माले का मनरेगा कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन आज 10वें दिन अनिश्चितकालीन आमरण अनशन में तब्दील हो गया। प्रखंड कमिटी सदस्य दिनेश राय को भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने माला पहनाकर अनशन प्रारंभ करवाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खूब नारेबाजी की।
आंदोलनकारी प्रखंड के ठहरा पंचायत में 15वीं वित्त आयोग एवं छठे राज्य वित्त आयोग द्वारा प्रदत्त राशि से की गई तमाम योजनाओं की जांच, मनरेगा योजनाओं में लूट-खसोट,भ्रष्टाचार, फर्जी निकासी, फर्जी फोटो अपलोड करने,आवास योजना में लाभुकों से अवैध वसूली,नाम जोड़ने एवं जियो टैगिंग के नाम पर जनता से की गई नाजायज़ वसूली आदि की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
मौके पर एक सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता करते हुए भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि ठहरा पंचायत में सभी योजनाओं में बड़े पैमाने पर हेराफेरी की गई है। योजनाओं में अवैध रूप से राशि की निकासी की गई है।
आंदोलन का आज 10वाँ दिन है, लेकिन जिला प्रशासन जांच कर कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि मनरेगा की योजनाओं में बिना बोर्ड लगाए ही कार्य पूर्ण हो गया। जबकि कार्य शुरू करने से पहले योजना का बोर्ड लगाना जरूरी है। लेकिन ठहरा पंचायत में नियमों को ताक पर रखकर कार्य हो रहा है।
जब तक हमारी मांगो पर जांच कर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक आंदोलन चलता रहेगा। मौके पर भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार प्रखंड कमिटी सदस्य दिनेश राय, रविन्द्र कुमार सिंह, अखिलेश सिंह, राजाराम सिंह, जितेन्द्र राय, समेत डाॅ. मुकेश कुमार, श्रीओम आदि मौजूद थे।