
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। नये वर्ष के पहले दिन डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा की दोहरी उपलब्धि के बीच 142 कर्मियों को प्रोन्नति का तोहफा मिलने से हर्ष और उल्लास का माहौल है। प्रोन्नत कर्मियों को बधाई देते हुए कुलपति डॉ पीएस पाण्डेय ने बताया कि, “विश्वविद्यालय एनआइआरएफ रैंकिंग में 52 वे से बढ़कर 14 वे रैंक पर पहुंच गया है वहीं आइआइआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय को सातवां रैंक प्राप्त है।”
डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा मे 142 तकनीकी कर्मचारियों को प्रोन्नति दी गई। नये वर्ष के पहले दिन दो खुशखबरी के बीच कर्मचारियों को प्रोन्नति मिलने से विश्वविद्यालय परिसर झूम उठा।
कुलपति ने क्या कहा :
कुलपति डॉ पीएस पांडेय ने कहा कि, “कर्मचारियों को समय से मिले प्रोन्नति से उनमें कार्य करने के प्रति और ज्यादा प्रतिबद्धता का विकास होगा। वे विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों को अपने परिवार का अभिन्न अंग समझते हैं और उनका प्रयास होता है कि वे उनके सुख दुख में उनके साथ खड़े रहें।”
क्यों दी गई प्रोन्नति :
उन्होंने कहा कि, “विश्वविद्यालय के कर्मचारी और वैज्ञानिक समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं ऐसे में उनका दायित्व है कि वे उन सबका ध्यान रखें। इसी क्रम में जितने कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय के परिनियम में वर्णित न्यूनतम योग्यता पूरी कर ली थी उन सबको नियमानुसार प्रोन्नति दी गई है।”
विश्वविद्यालय की प्रगति सामूहिक प्रयास का फल :
उन्होंने कहा कि, “सभी लोगों के सामुहिक प्रयास का ही फल है कि विश्वविद्यालय तेजी से प्रगति पथ पर अग्रसर है और इसकी चर्चा देश भर में होती है।”
उन्होंने कहा कि, “विश्वविद्यालय ने पिछले तीन वर्षों में एनआइआरएफ रैंकिंग में 52वें से बढ़कर 14वां रैंक जबकि आइआइआरएफ रैंकिंग में 7वां रैंक हासिल किया है। देश भर में विश्वविद्यालय में शुरू किये गये कार्य की तारीफ हो रही है। दीक्षारंभ, प्राकृतिक खेती, डिजिटल एग्रीकल्चर जैसी कई चीजें देश के दूसरे विश्वविद्यालय भी लागू कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि, “अवकाश प्राप्त कर्मचारियों के हित के लिए भी वे लगातार प्रयास करते रहते हैं और उनकी हर समस्याओं को दूर करने का प्रयास करते हैं।”
नए वर्ष पर नई शुरुआत :
बताते चलें कि विश्वविद्यालय में सकारात्मक और उत्साह का माहौल बनाए रखने केलिए नवाचारी कार्यक्रमों के लिए देश भर में प्रसिद्ध कुलपति डॉ पांडेय ने नव वर्ष के अवसर पर सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और संविदा कर्मियों को फूल भेंट किया और नव वर्ष पर की शुभकामनाएं दी।
कुलसचिव ने क्या कहा :
कुलसचिव डॉ पी के प्रणव ने कहा कि, “इससे पहले तक शिक्षक और कर्मचारी नव वर्ष पर कुलपति को फूल देते थे, लेकिन डॉ पांडेय ने एक नई परिपाटी शुरू की है, और वे स्वयं सभी लोगों को नव वर्ष पर फूल देते हैं। इससे कर्मचारियों में उनके प्रति सम्मान बढा है।”