
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 ताजपुर। शहर को अवांछित और अनावश्यक जाम से निजात दिलाने की मुहिम के तहत पूरे बिहार में प्रशासन अचानक कठोरता पूर्वक सक्रिय हो गया है। जिससे सड़क किनारे रोजी रोटी के लिए अस्थाई दुकान लगाने वालों और झुग्गी झोपड़ी में बसर कर रहे निरीह लोगों की शामत आ गई है।
इसी बीच भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जन संपर्क अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत अस्पताल चौक, राजधानी रोड, प्रखंड मुख्यालय आदि जगहों से उजाड़े गये फूटपाथी दुकानदार, झुग्गी-झोपड़ी वासियों से मिलकर उनका हालचाल जाना, दुःख-तकलीफ को सुना, सांत्वना दी और उनके लिए प्रशासन द्वारा जगह आवंटित कराने और पुनर्वास के लिए संघर्ष चलाने का घोषणा किया।
मौके पर चूड़ी बेचनेवाली जरीना खातून ने बताया कि राजधानी रोड में चटाई बिछाकर चुड़ी बेचकर 3 बच्चों का भरण-पोषण करती हैं। अब वे बेसहारा हैं।
अस्पताल चौक का सब्जी विक्रेता मीना देवी, कटहल पत्ता विक्रेता साजो खातून, फल विक्रेता रीना देवी एवं प्रमिला देवी, चुड़ी दुकानदार मुन्नी देवी आदि बताती हैं कि समूह एवं महाजनी कर्ज लेकर जीविकापार्जन हेतु दुकान चलाती थी, उनके दुकान को उजाड़ दिया गया है, अब भूखे मरने की स्थिति है। उन्हें अब पुलिस वाले सड़क किनारे दुकान लगाने नहीं देते हैं।
आईना-कंधी बिक्रेता सुनैना देवी बताती हैं कि पति बीमार रहते हैं। राजधानी रोड में बोरा बिछाकर आईना-कंधी आदि बेचकर चार बच्चे का परिवार चलाती है। हरेक माल बिक्रेता उषा देवी बताती हैं कि समूह से कर्ज लेकर फूटपाथ पर दुकान चलाती थी लेकिन अब दुकान लगाने नहीं दिया जाता है तो समूह का कर्ज कैसे चुकाएंगे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ताजपुर बाजार क्षेत्र के विभिन्न मार्गों में पहुंचकर भाकपा माले टीम ने लोगों की समस्या सुनी और निदान के लिए संघर्ष का रूख अख्तियार करने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने ताजपुर वासियों से 10 दिसंबर को 11 बजे से नगर परिषद कार्यालय पर आहूत धरना-प्रदर्शन में भाग लेकर सफल बनाने की अपील की।
मौके पर भाकपा माले प्रखंड कमिटी सदस्य ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, आसिफ होदा, मो० एजाज, व्यवसायी संघ के राज्य कमिटी सदस्य प्रभात रंजन गुप्ता समेत चांद बाबू, राॅकी खान, मो० राजू आदि मौजूद थे।