
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क रोसड़ा। जिले में खाद की कालाबाजारी की शिकायतें आम हैं। दुकानदार खाद की किल्लत दिखा कर मनमाने तरीके से मनमानी कीमत पर खाद बेचते हैं। खेती प्रभावित न हो इसके लिए किसान दुकानदारों के निर्धारित मनमाने ढंग से ऊंची दर पर खाद लेने को मजबूर हैं।
इसकी शिकायत मिलने पर जिला कृषि पदाधिकारी सुमित सौरभ ने कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों के खिलाफ खाद की कालाबाजारी करने की शिकायतों के आलोक में श्री सौरभ ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सिलसिले में जिला कृषि पदाधिकारी रोसड़ा के जीनत खाद भंडार का लाइसेंस रद्द कर दिया है। साथ ही दुकान के प्रोपराइटर रोसड़ा प्रखंड के मोतीपुर निवासी शमशाद को स्टॉक में बचे खाद उचित मूल्य पर किसानो को देने एवं पाश मशीन जिला कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है।
विदित हो कि अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, रोसड़ा ने उर्वरक प्रतिष्ठान की जाँच कर प्रतिवेदित किया था कि दुकान के पॉश मशीन में 748 बोरा यूरिया पाया गया जबकि भंडार पंजी, मूल्य तालिका में 720 बोरा अंकित था। साथ ही वास्तविक गोदाम में 455 बोरा ही यूरिया पाया गया। शेष 293 बोरा यूरिया के संबंध में पृच्छा करने पर भी कारण स्पष्ट नहीं किया गया। उर्वरक का भंडारण भी अनुज्ञप्ति में प्रविष्ट स्थान से अलग किया गया था।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि उक्त प्रतिवेदन के आलोक में उक्त दुकान के खुदरा उर्वरक अनुज्ञप्ति को निलंबित कर स्पष्टीकरण की मांग की गयी थी। किंतु दुकानदार द्वारा प्राप्त स्पष्टीकरण असंतोषप्रद पाये जाने के कारण आपके खुदरा उर्वरक अनुज्ञप्ति को तत्कालिक प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।