
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिला में घरेलु उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है, अनावश्यक भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला आपूर्ति पदाधिकारी के हवाले से जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय ने घरेलू गैस को लेकर मची अफरातफरी और छीना झपटी की खबरों के बीच उक्त बातें कही है।
गैस गोदाम या एजेंसी पर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं :
इस बाबत एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने बताया है कि, गैस बुकिंग दर्ज होने के पश्चात दो से तीन दिनों के भीतर घरेलु गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूर्व की भांति घर पर सुनिश्चित की जा रही है। उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों/गोदामों के पास भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।
किसी प्रकार की परेशानी या शिकायत केलिए नियंत्रण कक्ष में करें संपर्क :
श्री राय ने बताया कि, तेल एवं घरेलू गैस की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर आमजन को होने वाली कठिनाईयों के निदान हेतु खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना से प्राप्त निदेश के आलोक में समस्तीपुर जिलान्तर्गत एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो प्रतिदिन 07:00 बजे पूर्वाह्न से 09:00 बजे अपराह्न तक कार्य करेगा। उक्त अवधि में आमजन अपनी समस्याओं या हो रही कठिनाईयों से उक्त नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्याः 06274-222300 पर शिकायत कर सकते हैं।
खपत का 80 प्रतिशत से अधिक गैस की हो रही आपूर्ति :
जिला आपूर्ति पदाधिकारी के मुताबिक, समस्तीपुर जिलान्तर्गत कुल 86 गैस एजेंसियाँ कार्यरत है। जिले में प्रतिदिन औसतन 18,938 गैस सिलेंडरों की खपत है, जबकि 16,022 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी हो रही है। यानी कुल खपत का 80 प्रतिशत से अधिक गैस की आपूर्ति हो रही है।
शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन बाद बुकिंग :
गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र में घरेलु उपभोक्ताओं के अंतिम गैस सिलेंडरों की डिलिवरी के 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलु उपभोक्ताओं के अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 45 दिनों के बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति है।