निरीक्षण करते अपर महा प्रबंधक व अन्य।
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। अपर महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर अमरेंद्र कुमार ने आज गुरुवार को समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत दरभंगा स्टेशन का दौरा कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया।
गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश :
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, प्लेटफॉर्म उन्नयन, परिसंचरण क्षेत्र के विकास, स्वच्छता व्यवस्था तथा सुरक्षा से संबंधित कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया और कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यात्रियों को मिले सुरक्षित, स्वच्छ एवं समयनिष्ठ सेवाएं :
इसके उपरांत अपर महाप्रबंधक महोदय ने दरभंगा स्टेशन स्थित कोचिंग डिपो का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कोचों के रखरखाव, स्वच्छता, मरम्मत व्यवस्था, सुरक्षा मानकों एवं कार्य निष्पादन प्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं समयनिष्ठ सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

समीक्षा बैठक में ली विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी :
अपने दौरे के क्रम में अपर महाप्रबंधक/पूर्व मध्य रेल अमरेंद्र कुमार ने मंडल के सभा कक्ष में एक विस्तृत समीक्षा बैठक को संबोधित किया। इस क्रम में उन्होंने मंडल की कार्य प्रगति, यात्री सुविधाओं के विस्तार, संरक्षा, संरक्षा-संबंधित कार्यों, आधारभूत संरचना विकास, परिचालन दक्षता तथा राजस्व संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
गुणवत्तापूर्ण तरीके से ससमय कार्य पूर्ण करने के निर्देश :
समीक्षा के दौरान उन्होंने मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आवश्यक परामर्श एवं दिशा-निर्देश दिए तथा सभी अधिकारियों को समन्वित प्रयासों से कार्यों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूर्ण करने पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों को प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीआरएम सहित सभी पदाधिकारी मौजूद :
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित थे।