रूफ टॉप सोलर प्लांटओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 सन्मार्ग/समस्तीपुर। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना बैंकों की मनमानी के बीच दम तो नहीं तोड़ देगी। इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक लोगों के आवेदनों को रद्द करने और लंबित रखने की खबर के बीच यह सवाल बरबस ही तैर जाता है।
21,000 लाभुकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य :
गौरतलब है कि, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़कर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना तथा परिवारों को बिजली के क्षेत्र में राहत एवं लाभ उपलब्ध कराना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक लाभुकों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। इस क्रम में जिले के लिए कुल 21,000 लाभुकों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित है।
ऋण आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित अथवा अस्वीकृत :
जिसमें से समस्तीपुर विद्युत प्रमंडल को 9,460, दलसिंहसराय विद्युत प्रमंडल को 6,765 तथा रोसड़ा विद्युत प्रमंडल को 4,775 लाभुकों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। किंतु योजना के क्रियान्वयन के क्रम में यह संज्ञान में आया है कि कुछ बैंक शाखाओं द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत लाभुकों के ऋण संबंधी आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित अथवा अस्वीकृत किया जा रहा है।
लक्ष्य मनमानी, बहाने अलग–अलग :
जिसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, ताजपुर शाखा द्वारा 22 आवेदनों को सिबिल स्कोर के आधार पर अस्वीकृत किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। जबकि संबंधित निर्देशों के अनुसार केवल सिबिल स्कोर के आधार पर पीएम सूर्य घर योजना के आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाना है। इसी प्रकार केनरा बैंक, कस्बे आहार शाखा में 22 आवेदन लंबित पाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की विभूतिपुर शाखा, पटोरी शाखा एवं काशीपुर शाखा में भी योजना से संबंधित आवेदनों के लंबित/अस्वीकृत किए जाने की सूचना मिली है। जबकि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सरायरंजन शाखा में योजना के लाभुकों से जमीन स्वामित्व प्रमाण-पत्र की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। वहीं ग्रामीण बैंक, खजुरी शाखा में सब्सिडी की राशि को बैंक ऋण की पूर्ण अदायगी तक होल्ड रखे जाने के संबंध में उपभोक्ता द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है। पंजाब नेशनल बैंक, नारघोगी शाखा में भी योजना से संबंधित आवेदन को लंबे समय तक लंबित रखे जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।
शिकायत अग्रसारित :
लाभुकों के आवेदनों के अनावश्यक रूप से लंबित अथवा अस्वीकृत किए जाने तथा योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई नहीं किए जाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक शाखाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हेतु प्रस्ताव सक्षम प्राधिकार को भेजा गया है।
आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर :
जिले में पीएम सूर्य घर योजना के निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए विद्युत विभाग एवं संबंधित बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लाभुकों के आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।