
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 रोसड़ा। भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोसड़ा की भूमि सुधार उप-समाहर्ता कंचन कुमारी झा एवं उनके घरेलू नौकर सुमित कुमार को दो लाख रुपये नकद एवं 37 हजार रुपये कीमत की एक नई वाशिंग मशीन रिश्वत के रूप में लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान सरकारी आवास की तलाशी भी ली गई, जिसमें 13 लाख 82 हजार रुपये अतिरिक्त नकद राशि बरामद की गई है।
क्या है मामला :
मामले में मिली जानकारी के अनुसार विभूतिपुर थाना क्षेत्र के माधवपुर निवासी मनोज कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि भूमि विवाद निराकरण वाद संख्या 20/2026-27 में उनके पक्ष में फैसला देने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस निरीक्षक दिवाकर कुमार दिनकर के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया था।

गुरुवार देर रात गिरफ्तारी :
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो धावा दल ने निगरानी थाना कांड संख्या 103/26 के तहत कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत रोसड़ा के वार्ड संख्या-24 स्थित श्रीमती झा के सरकारी आवास से दोनों को गुरुवार की देर रात गिरफ्तार किया।निगरानी ब्यूरो के अनुसार, दोनों अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा।