
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 सरायरंजन। धान रोपाई का समय है, कीचड़ के कारण सड़क चलने योग्य रही नहीं। धान रोपाई के लिए कीचड़ उपयोगी होता ही है। इसलिए धान ही रोप दिया ताकि इस खाली पड़ी जमीन का कुछ तो उपयोग हो, लोगों को कुछ लाभ तो मिल सके।
इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा :
रायपुर बुजुर्ग पंचायत के जान मोहम्मदपुर वार्ड 01 निवासी भैयाराम सहनी ने सड़क पर धान रोपाई कर विरोध प्रदर्शन के दौरान तंज कसते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, यह इस क्षेत्र की मुख्य सड़क है, जो स्कूल से बाजार तक जाती है। सड़क इतनी जर्जर है कि बारिश छोड़िए, सामान्य दिनों में भी इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा होता है।
सड़क पर धान रोप कर विरोध प्रदर्शन :
बताते चलें विकास पुरुष नाम से विख्यात बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के क्षेत्र में जर्जर सड़क को लेकर विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। प्रखंड क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत स्थित जान मोहम्मदपुर वार्ड 01 से उच्च विद्यालय तक जाने वाली मुख्य सड़क के निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर बार बार अनुनय विनय के बावजूद सड़क नहीं बनने से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर धान रोप कर विरोध प्रदर्शन किया।
धान के बाद गेहूं, आलू व मक्के की खेती :
वहीं मौके पर मौजूद क्षेत्रीय युवा समाजसेवी संजीव कुमार इन्कलाबी ने स्थानीय जनप्रतिनिधि पर क्षेत्र के विकास की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तीखा निशाना साधा और कहा कि हालिया संपन्न चुनाव के दौरान भी उप मुख्यमंत्री ने वोटिंग से पहले सड़क बनाने का वादा किया था, लेकिन नौ महीने बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो धान के बाद गेहूं, आलू और मक्के की खेती कर आंदोलन जारी रखा जाएगा।
प्रदर्शन में ये भी रहे शामिल :
मौके पर जलसी देवी, मेघन दास, शत्रुघ्न शर्मा, महेश सहनी, विनय कुमार शर्मा, गौरी शंकर शर्मा, अनीता देवी, विमल देवी, राजू शर्मा, महेश्वर शर्मा एवं धनेश सहनी सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।