
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों पर प्रसारित हो रही खबरों की निगरानी को लेकर बड़ा कदम उठाया है। जिसमें मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में जिला स्तर पर “मीडिया मॉनिटरिंग सह- मीडिया प्रबंधन कोषांग” का गठन किया गया है।
उद्देश्य :
जारी आदेश के अनुसार, इस कोषांग का उद्देश्य विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म—सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया—पर प्रसारित सरकारी योजनाओं, सूचनाओं और जनप्रतिक्रियाओं की निगरानी करना है। साथ ही, भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरों की समयबद्ध जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना भी इसकी जिम्मेदारी होगी।
कोषांग का स्वरूप :
कोषांग में उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर – अध्यक्ष, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), एवं वरिष्ठ उप समाहर्ता सदस्य तथा जिला जन-संपर्क पदाधिकारी – नोडल पदाधिकारी होंगे।
कोषांग के कार्य एवं दायित्व:
:– कोषांग विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार, मीडिया समन्वय, समाचार संकलन और प्रेस विज्ञप्तियों के प्रबंधन का कार्य करेगा। इसके अलावा, जिले में प्रसारित खबरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
:– नकारात्मक या भ्रामक खबरों की पहचान कर संबंधित विभागों से तथ्य प्राप्त कर उनका खंडन प्रकाशित कराया जाएगा। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी ऐसे कंटेंट का जवाब (काउंटर) दिया जाएगा।
:– फर्जी खबरों को लेकर सख्ती बरतते हुए ऐसे मामलों को जिला साइबर पुलिस को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। आवश्यकता महसूस होने पर संबंधित सोशल मीडिया हैंडल/प्रोफाइल को हटाने तथा प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
:– कोषांग द्वारा किए गए कार्यों की मासिक रिपोर्ट तैयार कर जन-संपर्क विभाग (मुख्यालय) को भेजी जाएगी। जिला प्रशासन ने इस पहल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं, जिससे सूचना तंत्र को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जा सके।